बूथों पर लगने वाले ईवीएम और वीवीपैट का नंबर हुआ सार्वजनिक
एनआईसी में ईवीएम, वीवीपैट का हुआ रैंडमाइजेशन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। मतदान में पारदर्शिता बरतने के लिए डीएम मार्कण्डेय शाही ने प्रेक्षक और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में रविवार को ईवीएम और वीवीपैट का रैंडमाइजेशन किया। डीएम ने बताया कि किस बूथ पर किस नंबर की ईवीएम और वीवीपैट मशीन लगाई जा रही है। उसे वेबसाइट पर डाल दिया गया है, कोई भी प्रत्याशी देख सकता है।
प्रतापगढ़ संसदीय क्षेत्र में प्रयोग में आने वाले ईवीएम तथा वीवीपैट का द्वितीय रैंडमाइजेशन रविवार को सामान्य प्रेक्षक थीरू ए गनानासेकरन और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में एनआईसी में हुआ। विधानसभावार पोलिंग बूथों के लिए हुए रैंडमाइजेशन में यह स्पष्ट हो गया है कि किस बूथ पर किस नंबर की ईवीएम और वीवीपैट मशीन लग रही है। डीएम ने सामान्य प्रेक्षक के समक्ष राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम की उपलब्धता और उसके आवंटन की जानकारी देने के बाद सर्वसम्मति से बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट तथा वीवीपैट का द्वितीय रैंडमाइजेशन कराया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ईवीएम व वीवीपैट का रैंडमाइजेशन विधानसभावार किया गया है। उन्होंने बताया कि किस विधानसभा क्षेत्र में कौन-कौन ईवीएम व वीपीपैट मशीन प्रयोग की जाएगी, इसका विवरण निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों व प्रतिनिधियों को ईवीएम व वीवीपैट की बूथवार सूची उपलब्ध कराई।
माइक्रो आब्जर्वर की रिपोर्ट पर निरस्त होगा चुनाव : प्रेक्षक
अफीम कोठी में बैठक कर दायित्व का कराया बोध
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। कौशाम्बी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की सामान्य प्रेक्षक मानसी निंभाल ने कहा है कि मतदान में माइक्रो आब्जर्वर की प्रमुख भूमिका होगी। उनकी रिपोर्ट पर ही मतदान निरस्त किया जाएगा। वह रविवार को माइक्रो आब्जर्वर के साथ बैठक कर सफलता का मंत्र दे रही थीं।
रविवार को अफीम कोठी सभागार में माइक्रो आब्जर्वर के साथ हुई बैठक में प्रेक्षक ने मानसी निंभाल ने कार्य एवं दायित्व के बारे में बताया। उन्होंने माइक्रो आब्जर्वर से 39 बिंदुओं की रिपोर्ट मतदान समाप्ति पर सीधे प्रेक्षक को देने को कहा है। उन्होंने कहा कि इनकी रिपोर्ट पर ही पुन: मतदान की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। विशेष रूप से माइक्रो आब्जर्वर को यह देखना है कि मॉकपोल नियत समय पर प्रारंभ हुआ कि नहीं, 50 दिखावटी मतदान हुए कि नहीं, दिखावटी मतदान की 50 पर्चियां लिफाफे में पैक की गई कि नहीं, वास्तविक मतदान प्रारम्भ होने से पहले मशीन को क्लियर किया गया कि नहीं, मतदान की समाप्ति पर क्लोज बटन दबाया गया या नहीं, मतदाता रजिस्टर यानी 17ए सही तरीके से भरा जा रहा है या नहीं। 17सी में रिकार्ड किए गए मतों का लेखा सही रूप से दर्ज हो गया है कि नहीं। बैठक में डीडीओ सुदामा प्रसाद, शिवप्रकाश, डीसी मनरेगा ओमप्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।
एक मई से होगी व्यय निरीक्षण की जांच
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। चुनाव मैदान में कूदे प्रत्याशियों को एक मई से खर्च का ब्यौरा देना होगा। डीएम मार्कण्डेय शाही ने कहा है कि निर्वाचन व्यय रजिस्टर का प्रथम निरीक्षण दिनांक 01 मई, द्वितीय निरीक्षण 05 मई एवं तृतीय निरीक्षण 10 मई को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक कलेक्ट्रेट सभागार में किया जाएगा। उन्होंने लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 का निर्वाचन लडने वाले सभी विधिमान्य उम्मीदवारों से अनुरोध किया है कि निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर अपने निर्वाचन व्यय रजिस्टर का निरीक्षण कराना सुनिश्चित करें।
आज प्राप्त करें लॉगबुक
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए अधिग्रहीत वाहन स्वामी 29 अप्रैल को प्रात: 10 बजे से आईटीआई ग्राउंड से ड्यूटी आदेश तथा लॉग बुक अनिवार्य रूप से प्राप्त कर लें।