चुनाव में कमाई के लिए तैयार हुए प्रिंटिंग प्रेस और फ्लैक्स हाउस
भावी प्रत्याशी ले रहे हैं रेट, होर्डिंग-पोस्टर लगवाने का दे रहे ठेका
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। लोकसभा चुनावों को लेकर सिर्फ जिला प्रशासन ही अपनी तैयारी में नहीं लगा हुआ है, बल्कि प्रिंटिंग प्रेस और फ्लैक्स हाउस में भी तैयारियां व्यापक स्तर पर हो रही हैं। लोकसभा चुनाव को देखते हुए शहर में तीन नए फ्लैक्स हाउस भी खुल गए हैं। भावी प्रत्याशी भी होर्डिंग लगाने और पोस्टर छपवाने का रेट ले रहे हैं। घोषित प्रत्याशियों ने लगाने का ठेका भी दे दिया है।
लोकसभा चुनाव में होर्डिंग और पोस्टर के सहारे प्रचार-प्रसार का दंभ भरने वाले नेताओं के टिकट भले ही फाइनल नहीं हुए हैं। मगर बैनर, पोस्टर और होर्डिंग का रेट लेने के साथ ही किस विधानसभा में कितना लगवाना है, इसकी तैयारियों को वह अंतिम रूप देने में लगे हैं। प्रिंटिंग प्रेस और फ्लैक्स की दुकानों पर लोकसभा चुनाव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मोटी कमाई करने के लिए संचालक जहां रेट कम करके छापने को तैयार हैं, वहीं फ्लैक्स की तीन नई दुकानें खुल गई हैं। इन दुकानों पर सिर्फ छपाई का ही नहीं, बल्कि लगवाने का भी ठेका लिया जा रहा है। होर्डिंग लगाने के लिए लंबाई-चौड़ाई के साथ ही दूरी के हिसाब से रेट निश्चित किया जाता है। फिलहाल इन दिनों बुकिंग प्रारंभ हो गई है। जिनका टिकट फाइनल है, वह भी लगाने का ठेका दे रहे हैं, जिनका होने वाला है, वह रेट लेकर सिर्फ टिकट फाइनल होने का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल विधानसभा चुनाव की अपेक्षा इस वर्ष रेट दर बढ़ा दिया गया है। हालांकि इसके पीछे मंहगाई की दलील दे रहे हैं।
इनसेट---------
डीएम ने कस रखी है नकेल
प्रिंटिंग प्रेस, फ्लैक्स के दुकानदारों के साथ बैठक करके डीएम ने पहले ही हिदायत दे रखी है कि हर पोस्टर और फ्लैक्स पर उनकी संख्या लिखनी होगी। प्रत्येक प्रतियों में संख्या अंकित करना आवश्यक है। अगर प्रत्याशियों को लाभ पहुंचाने के लिए किसी प्रकार से छेड़छाड़ की जाती है तो उसके लिए प्रिंटिंग प्रेस और फ्लैक्स संचालक जिम्मेदार होंगे।
इनसेट--------
चुनाव के दौरान नहीं पड़ेगा कोई त्योहार
त्योहारों और राष्ट्रीय पर्वों पर नेताओं में होर्डिंग और बैनर लगाने की होड़ रहती है। मगर इस वर्ष लोकसभा चुनाव के दौरान त्योहार भी नहीं पड़ रहे हैं। इससे छुटभैया नेताओं की नेतागीरी नहीं चमक पा रही है। हालांकि चुनाव आयोग ने किसी पार्टी और किसी नेता की होर्डिंग बगैर अनुमति लगने पर आचार संहिता का उल्लघन मानते हुए कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन-------
प्रिंटिंग प्रेस और फ्लैक्स संचालकों को सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। अगर कोई नियम के मुताबिक कार्य नहीं करेगा, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
शत्रोहन वैश्य, एडीएम