537 प्राथमिक विद्यालयों का होगा विद्युतीकरण
लोकसभा चुनाव के लिए प्राइमरी, मिडिल स्कूल व पंचायत भवनों में बनाए गए हैं 2616 बूथ
निर्वाचन आयोग ने बूथों पर विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने का दिया है निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। बिजली से वंचित जिले के 537 प्राथमिक विद्यालयों में जल्द ही विद्युतीकरण का कार्य शुरू होगा। इसके लिए बजट स्वीकृत हो गया है। दरअसल, लोकसभा चुनाव के लिए जिले में बनाए गए 2616 बूथों में यह सभी प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। चुनाव आयोग की सख्ती के निर्देश के बाद आननफानन में विद्युतीकरण की कवायद शुरू हो गई है।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने मशक्कत शुरू कर दी है। सकुशल चुनाव संपादित कराने के लिए जिले में 2616 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जिसमें प्राइमरी, मिडिल स्कूलों के साथ पंचायत भवनों को भी शामिल किया गया है। बूथों पर शौचालय, रास्ते, विद्युत व्यवस्था की सुविधा अनिवार्य है। बूथों पर मानक के अनुरूप व्यवस्था बनाए रखने की खास हिदायत दी गई है। इसे लेकर जिला प्रशासन ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। जिले के 2616 बूथों में 537 प्राथमिक विद्यालय ऐसे हैं जहां अब तक बिजली नहीं पहुंच सकी है। 537 बूथों की यह संख्या पट्टी, लालगंज कुंडा व रानीगंज तहसील क्षेत्र की है। जिला प्रशासन के आदेश पर जिला बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इन सभी विद्यालयों को चिह्नित किया गया था। इसकी रिपोर्ट विद्युत विभाग को भेजी गई थी। बजट स्वीकृत हो चुका है। विद्युत विभाग की मानें तो प्राथमिक विद्यालयों में विद्युतीकरण की पहल शुरू कर दी गई है। विद्यालयों में पोल व तार गिराए जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव के पहले कार्य पूरा करने का निर्देश जारी किया गया है। ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो। एक्सईएन रामसनेही ने बताया कि बिजली से वंचित बूथों में विद्युतीकरण कार्य समय से पूरा करने का निर्देश दिया गया है। कार्य जारी है।
इनसेट--------------------
प्रतिदिन तैयार हो रही प्रगति रिपोर्ट
537 प्राइमरी विद्यालयों में विद्युतीकरण के कार्य को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारी गंभीर हैं। उपखंड अधिकारियों को इसके लिए निर्देशित किया गया है। विभागीय अधिकारी उनसे प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट ले रहे हैं। ताकि कार्य में किसी तरह की शिथिलता न बरती जाए।