शहीदों की याद में निकाली गई बलिदान दिवस स्मृति यात्रा
अफसर व छात्र-छात्राएं हुए शामिल, वकीलों ने किया स्वागत
लालगंज (ब्यूरो)। अमर शहीद सरदार भगत सिंह, सुखदेव व राजगुुरु के शहीद दिवस पर क्षेत्र में बलिदान दिवस यात्रा निकाली गई। बलिदान दिवस स्मृति यात्रा के संयोजक समाजसेवी बाबा नरेंद्र ओझा की अगुवाई में गुरुवार को वर्मा नगर चौराहे से तिना गेट तक निकाली गई यात्रा में युवाओं की भीड़ जुटी।
यात्रा के दौरान शहीदों के चित्रों पर पूरे रास्ते पुष्प वर्षा होती रही। पूरे हरिकिशुन स्थित सरोजनी कान्वेंट स्कूल के छात्रों ने अमर शहादत को नमन किया और हाथों में तिरंगा झंडा लेकर बलिदान यात्रा में शिरकत की। तहसील गेट पर वकीलों ने भी बलिदान यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के पहुंचने पर यहां आयोजित सभा में एसडीएम दिनेश मिश्र ने कहा कि देश के अमर शहीदों के बलिदान को हम कभी भूल नहीं सकते। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले अमर शहीदों की शहादत को याद करके ही गर्व का एहसास होता है। सीओ ओपी द्विवेदी ने कहा कि मानवता की रक्षा के संकल्प को लेकर यह विचारक्रांति युवाओं को सामाजिक एकता एवं संस्कारित समाज के निर्माण के परिवर्तन की दिशा तय करेगी। संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विकास मिश्र, रूलर्स बार के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश शुक्ल, समाजसेवी आरपी वर्मा व राहुल ने भी शहीदों के बलिदान को अविस्मरणीय बताया। कार्यक्रम के संयोजक बाबा नरेंद्र ओझा ने कहा कि इस बलिदान स्मृति यात्रा का उद्देश्य भारत को महान देश बनाना है। उन्होंने कहा कि वेलेनटाइन डे जैसी कुसंस्कृति को देश से उखाड़ फेंकने के लिए युवाओं व बुद्धिजीवियों को आगे आना होगा। नगर से होकर निकली बलिदान यात्रा का समापन तिना गेट पर किया गया। इस मौके पर राव वीरेंद्र सिंह, रामनयन वर्मा, अनुराग त्रिपाठी, निजाम कुरैशी, अब्दुल समद, संजय मिश्र, राजीव तिवारी, विकास तिवारी, कमलेश गिरि, राहुल दुबे, नागेंद्र द्विवेदी, संदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
कार की चपेट में आए युवक ने दम तोड़ा
रानीगंज कैथौला (ब्यूरो)। कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। लालगंज कोतवाली के उधरनपुर निवासी शोभनाथ (40) पुत्र रामसजीवन बुधवार को किसी काम से नया पुरवा चौराहा गया था। यहां एक कार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया था। देर रात उपचार के दौरान उसकी सांसें थम गईं। घटना की जानकारी घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया।
खेल से होता है टीम भावना का विकास
सगरासुंदरपुर (ब्यूरो)। स्थानीय बाजार स्थित पंडित राम कृपाल मिश्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान पर गुरुवार को नेहरू युवा केंद्र के तत्वाधान में दो दिनी ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाखा प्रबंधक मोहित सचान ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि खेल से छात्रों की मानसिक व शारीरिक क्षमता का विकास होता है। शाखा प्रबंधक ने कहा कि खेल से आपसी एकता व टीम भावना की खिलाड़ियों में विकसित होती है। कार्यक्रम में आदर्श युवा मंडल इटौरी के यूथ लीडर रंजय मिश्र ने स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व प्रमुख संजय तिवारी, प्रधानाचार्य ध्रुव नारायण मिश्र, व्यापार मंडल अध्यक्ष जाकिर अली, प्रमोद दुबे, जीशान खान, ममता मिश्रा तन्मय मिश्र, चांदनी दुबे, अमित रजक, हिमांशु चौरसिया, मो. सैफ आदि मौजूद रहे।
फोटो---
रंगोली में कल्पना चावला की टीम विजेता
लालगंज(ब्यूरो)। धारूपुर स्थित रानी नीलिमा कुमारी महिला महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में बीच गुरुवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें कल्पना चावला टीम की अल्कमा अंसारी, आकृति तिवारी, नाहिदा, प्रतिभा आदि ने कन्या भ्रूण हत्या को बचाने की जीवंत रंगोली बनाकर पहला स्थान हासिल किया। द्वितीय स्थान पर मैरी काम दल की शालिनी, ज्योति मिश्रा, वर्षा अग्रहरि ने आकर्षक रंगोली बनाकर हासिल किया। वहीं सामाजिक सरोकार से जुड़ी विषयों की निबंध प्रतियोगिता में श्वेता सिंह, सीता गुप्ता, संजू यादव, नेहा कोरी अव्वल रहीं। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्या डॉ. रंजना शुक्ला ने किया। कार्यक्रमाधिकारी डॉ. लक्ष्मीशंकर एनएसएस के उद्देश्यों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।