कायाकल्प योजना का सर्वे करने महिला अस्पताल पहुंची दिल्ली की टीम
सुबह से ही अस्पताल में शुरू हो गई थी सफाई, चमकाने में लगे थे कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। कायाकल्प योजना के तहत प्रदेश के जिला व महिला अस्पतालों का सर्वे किया जा रहा है। इसके बाद रैंक दिया जाएगा। सोमवार को सर्वे के लिए दिल्ली से एक टीम जिला महिला अस्पताल पहुंची। डॉक्टर अजय शंकर त्रिपाठी, कायाकल्प योजना के प्रोग्राम मैनेजर राजाराम और प्रोजेक्ट मैनेजर रामपाल यादव ने जिला महिला अस्पताल का सर्वे किया।
टीम के आने की सूचना मिलने पर एक दिन पहले से ही अस्पताल परिसर से लेकर वार्डों में साफ-सफाई शुरू करा दी गई थी। टीम ने लेबररूम, इमरजेंसी, ओपीडी, वार्ड और ओटी का निरीक्षण किया। डॉक्टर अजय शंकर त्रिपाठी ने कहा कि नेशनल क्वालटी इंश्योरेंस के तहत जिन अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, उन अस्पतालों को तीन साल तक प्रति बेड की दर से दस हजार रुपये महीना मिलेगा। शासन ने कायाकल्प योजना इसलिए चलाई है जिससे अस्पताल में साफ-सफाई हो सके। मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सके। मरीज सरकारी अस्पताल को छोडक़र प्राइवेट अस्पतालों की ओर न जाएं।
इनसेट-------
निरीक्षण में जुटी टीम, एसएनसीयू छोडक़र गायब रहे डॉक्टर
जिला महिला अस्पताल में दिल्ली से आई टीम निरीक्षण कर रही थी। एसएनसीयू में तैनात डॉक्टर एमएस खान ड्यूटी छोडक़र गायब रहे। स्टाफ नर्स बच्चों की देखरेख कर रही थीं। इस बारे में सीएमएस रीता दूबे से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि डॉक्टर खाना खाने के लिए तो जाएगा। ड्यूटी पर आने के बाद उसे खाना खाना भी जरूरी है। नर्स मौजूद थी।
कोतवाल से रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली के पल्टनबाजार निवासी पुष्पा शुक्ला पत्नी सतीश ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 24 की रात में अपने बेटे हिमांशु शुक्ला के साथ टहल रही थी। शिवमंदिर सब्जी मंडी के पास दो मोटर साइकिल सवार लोगों ने उसके बेटे की पिटाई कर दी। पड़ोस के लोग पहुंचे तो जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी भाग निकले।
दबंगों ने काटकर गिरा दिया फलदार वृक्ष
प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के उगईपुर निवासी ब्रह्मदीन पुत्र नोहर ने एसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। उसका आरोप है कि गांव के कुछ लोग उसके दरवाजे पर स्थित आम और बेल के पेड़ काटकर उठा ले गए। रानीगंज पुलिस तहरीर देने के बाद भी मुकदमा नहीं दर्ज कर रही है।
आम आदमी पार्टी का स्थापना दिवस मनाया
प्रतापगढ़। आम आदमी पार्टी के गठन के 6 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पार्टी कार्यालय पर पदाधिकारियों ने धूमधाम से स्थापना दिवस मनाया। इस दौरान कोषाध्यक्ष ने कोष के बारे में जानकारी दी। जिला सचिव अमोघशंकर पांडेय ने दिल्ली सरकार के सराहनीय कार्यों के बारे में बताया। इस मौके पर जिला संयोजक दिनेश उपाध्याय, बलदेव सिंह, किसान नेता राम अभिलाख, अशुतोष पांडेय, अशोक विश्वकर्मा आदि लोग मौजूद रहे।
कार सवार बदमाशों ने परदेशी को ठगा
अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़। कार सवार बदमाशों ने परदेशी को अपना शिकार बना लिया। घर तक पहुंचाने के बहाने उसे कार में बैठा लिया। भुपियामऊ पहुंचने के बाद चेकिंग लगे होने की बात कहकर उसे उतार दिया और उसके पास रही नगदी और सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन मुकदमा नहीं दर्ज हुआ।
मानधाता थाना के पुरैला गांव निवासी लालजी (30) दिल्ली में रहता है। वह पद्मावत एक्सप्रेस से घर लौट रहा था। प्रतापगढ़ में ट्रेन से उतरने के बाद स्टेशन परिसर में उसे कार सवार दो लोग मिल गए। गांव तक उसे छोडने का झांसा देकर कार में बैठा लिया। भुपियामऊ के पहले ही आगे चेकिंग लगे होने की बात कहकर उसके पास रही नकदी को एक लिफाफे में रखने को कहा। लालजी ने पास में रहे करीब सात हजार रुपये को एक लिफाफे में रखकर बैग में रख लिया। कार सवार उचक्के उसे लेकर भुपियामऊ चौराहे पर पहुंचे और उतार दिया। उसका बैग लेकर भाग निकले। पीड़ित ने भुपियामऊ पुलिस से शिकायत की है।