कुंडा के खैराती रोड लोगों की सैंपलिंग करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : PRATAPGARH
जिले में कोरोना संक्रमण फिर बेकाबू होने लगा है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने और बिना मॉस्क के लोगों के बाहर घूमने के कारण लगातार नए केस सामने आ रहे हैं। गुरुवार को 24 घंटे के भीतर 56 लोग संक्रमित मिले। न्यायालयकर्मी के साथ गौरीगंज में तैनात एक डाक्टर और उनकी दो बेटियां भी कोरोना की चपेट में आ गई हैं। अब तक 450 मरीज ठीक होकर घर पहुंच चुके हैं। लोगों की लापरवाही के चलते कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
जुलाई के बाद अगस्त में भी जिले में कोरोना फुल स्पीड में है। गुरुवार को जिले में संक्रमितों की संख्या 1056 पहुंच गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रानीगंज में 6 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। चार लोग एक ही परिवार के हैं। कुंडा दीवानी न्यायालय के कर्मचारी भी कोरोना की गिरफ्त में आ गए। सांगीपुर के रहने वाले डाक्टर गौरीगंज में तैनात हैं। डाक्टर के संक्रमित होने के बाद उनके परिवार के चार सदस्य भी गिरफ्त में आ चुके हैं। इसके अलावा संग्रामगढ़ के दो, नगर कोतवाली के दुजई का पुरवा का रहने वाला युवक, महेशगंज में भी एक युवक की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। पुलिस लाइन में तैनात चार सिपाही व सीओ पट्टी के कार्यालय में एक सिपाही भी कोरोना संक्रमित निकला। 24 घंटे के भीतर कुल 56 कोरोना संक्रमित मिले। सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि संक्रमित मिलने वाले कुछ मरीजों को होम आइसालेट किया जा रहा है। कुछ लोगों को संत अंथोनी भेजा जा रहा है।