जिले के विभिन्न विभागों में तैनात लगभग 55 प्रतिशत कर्मचारी ऐसे हैं जिनकी उम्र 50 साल से अधिक है। इनमें कुछ अस्वस्थ और काम न करने की स्थिति में भी हैं।
बताया जाता है कि जिले के विभिन्न विभागों में करीब 21,453 कर्मचारी तैनात हैं। इनमें लगभग 11,799 कर्मचारी ऐसे हैं जिन्होंने 50 की उम्र पार कर ली है। इन कर्मचारियों के लिए योगी सरकार की ओर से जारी वह आदेश परेशानी का सबब बना हुआ है, जिसमें अनफिट होने और कार्य क्षमता न होने पर अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए जारी कहा गया है। प्रमुख सचिव राजीव कुमार की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि मार्च 2017 तक जिन कर्मचारियों की उम्र 50 साल हो गई है, जिला स्तर पर स्क्रीनिंग कमेटी बनाकर उनके कार्यों की क्षमता की जांच होगी। अगर जांच टीम को लगेगा कि कोई कर्मचारी कार्य करने में सक्षम नहीं है, तो उसे अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी जाएगी। हालांकि तीन माह पहले कर्मचारी को नोटिस देना आवश्यक है।