40 बच्चों को पढ़ाने के लिए तैनात हैं पांच शिक्षिकाएं
डीएम ने निरीक्षण के दौरान जताई नाराजगी, मांगा स्पष्टीकरण
जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान लगातार बेसिक शिक्षा विभाग की पोल खुल रही है। बुधवार को डीएम के पूछने पर राज्यपाल से पुरस्कृत शिक्षक के पंजाब की राजधानी नहीं बता पाने के कारण विभाग की किरकिरी हुई थी तो गुरुवार को एक और गड़बड़झाला सामने आ गया। प्राथमिक विद्यालय सगरासुंदरपुर में 40 बच्चों को पढ़ाने के लिए पांच शिक्षिकाओं की तैनाती की गई है। कागज पर बच्चों की संख्या 85 दिखाई गई है। डीएम ने इस पर नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
डीएम मार्कण्डेय शाही ने बृहस्पतिवार को प्राथमिक विद्यालय सरायखंडेराय, प्राथमिक विद्यालय बडनपुर पहुंचकर बच्चों को स्वेटर वितरित किया। सरायखंडेराय में 58 पंजीकृत बच्चों में 46 और बडनपुर में 75 बच्चों में 59 के उपस्थित मिलने पर नाराजगी प्रकट की।
प्राथमिक विद्यालय सगरासुंदरपुर में 85 बच्चों का रजिस्ट्रेशन और मौके पर मात्र 40 बच्चों की उपस्थिति देख जिलाधिकारी नाराज हो गए। यहां पांच शिक्षिकाओं की तैनाती की गई है। डीएम ने इस मामले में स्पष्टीकरण तलब किया है। आंगनबाड़ी केंद्र बडनपुर के निरीक्षण में पंजीकृत 36 छात्रों में से मौके पर 17 छात्र मिलने पर आंगनबाड़ी ममता सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। प्राथमिक विद्यालय भुवालपुर परिसर में खराब इंडिया मार्का हैंडपंप को अविलंब ठीक कराने को कहा है। डीएम ने विकास भवन-सिटी रोड पर से अवैध दुकानों को तत्काल हटाने के लिए कहा है।