आबकारी विभाग की कार्रवाई में 490 लीटर अवैध शराब बरामद
छापेमारी से मची अफरातफरी, भारी मात्रा में लहन की गई नष्ट
22 के खिलाफ दर्ज कराया गया मुकदमा, चार गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
लालगंज। आबकारी विभाग व पुलिस ने छापेमारी कर पांच सौ लीटर अवैध शराब के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्र में लहन के साथ शराब बनाने का उपकरण भी बरामद किया गया। छापेमारी के दौरान 18 आरोपी भाग निकलने में कामयाब रहे। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है। अचानक हुई कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हडक़ंप मच गया।
जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में बुधवार को लालगंज के आबकारी निरीक्षक पीएन सिंह व क्षेत्राधिकारी रमेशचंद्र की अगुवाई में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई। आबकारी व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लालगंज के जेंवई गांव में छापेमारी कर 448 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई। 70 क्विंटल लहन व शराब बनाने के उपकरण को टीम ने नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान गांव से ओमप्रकाश व रोहन को गिरफ्तार किया गया, जबकि सुंदरी देवी, उर्मिला देवी, संदीप कुमार, सीता देवी, सुशीला सरोज, राजपति, छइली, मनेाज कुमार, राहुल, राजरानी व रामराज भाग निकलने में कामयाब रहे। इसके बाद सीओ रमेशचंद्र व आबकारी निरीक्षक पीएन सिंह के नेतृत्व में लालगंज के जगन्नाथपुर में टीम ने 42 लीटर अवैध शराब व चार क्विंटल लहन बरामद करने के साथ अवैध शराब की भट्ठियां तोड़वाईं। छापेमारी के दौरान यहां से चंद्रेश कुमार व महावीर को अवैध शराब बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान रामखेलावन, द्रोपदी देवी, माधुरी सरोज, गोमती देवी, राजू सरोज, दीपू सरोज, दिलशेर भाग निकले। आबकारी निरीक्षक पीएन सिंह की तहरीर पर सभी 22 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। उन्होने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा।