परमिट चार का और दर्जनों वाहनों के काफिला लेकर घूम रहे प्रत्याशी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़।चुनाव आयोग ने प्रत्याशियों को प्रचार-प्रसार करने के लिए महज चार वाहनों का ही परमिट जारी कर रखा है। इसके बाद भी ज्यादातर प्रत्याशी दर्जनभर वाहनों का काफिला लेकर प्रचार कर रहे हैं। इसके अलावा उनके समर्थक अलग से वाहन बुककर गांव-गांव पहुंचकर वोट मांग रहे हैं। इस ओर चुनाव आयोग का ध्यान नहीं पड़ रहा है।
लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतरे प्रत्याशियों को प्रचार प्रसार करने के लिए चुनाव आयोग ने महज चार-चार वाहन का ही परमिट दे रखा है। इसके बावजूद ज्यादातर प्रत्याशी दर्जनभर वाहनों का काफिला लेकर शहर से लेकर गांव तक जहां खुद भ्रमण कर मतदाताओं से वोट मांग रहे हैं, वहीं उनके समर्थक दर्जनों वाहन बुककर एक दिन में 15 से 20 गांवों में पहुंचकर मतदाताओं को अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए कह रहे हैं।