बूथ-बूथ जाकर दिक्कत दूर करेंगे मास्टर ट्रेनर
सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ मास्टर ट्रेनरों की लगेगी ड्यूटी
प्रतापगढ़। छह और 12 मई को होने वाले मतदान के दिन सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ मास्टर ट्रेनरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। यह मास्टर ट्रेनर बूथ-बूथ जाकर पीठासीन अधिकारियों की समस्याओं का निराकरण करेंगे।
बुधवार को अफीम कोठी में हुए प्रशिक्षण में डीएम मार्कण्डेय शाही ने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए मास्टर ट्रेनरों की मदद बूथ तक ली जाएगी। बुधवार को दो चरणों में सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण देते हुए चुनाव की बारीकियों के बारे में बताया। पहली पाली में 17 जोनल एवं 106 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं द्वितीय पाली में 14 जोनल एवं 75 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया गया। निर्वाचन प्रक्रिया के दिन सेक्टर मजिस्ट्रेट को मजिस्ट्रेट का अधिकार प्राप्त होता है। निर्वाचन के दिन सेक्टर ऑफिसर के साथ मास्टर ट्रेनर भी घूमेंगे। यदि ईवीएम या वीवीपैट आदि के संचालन प्रक्रिया में किसी प्रकार की दिक्कत आती है, तो वह उसका निराकरण भी करेंगे। इस मौके पर सीडीओ धीरेन्द्र प्रताप सिंह, एडीएम शत्रोहन वैश्य, डीआईओएस एसपी यादव प्रमुख रुप से मौजूद रहे।
मतदान प्रतिशत बढ़ाना युवाओं की जिम्मेदारी : डीएम
सिटी स्थित पीबीपीजी में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। सिटी स्थित पीबीपीजी कॉलेज में बुधवार मतदाता जागरुकता कार्यक्रम में प्रतिभाग करने पहुंचे डीएम ने छात्र-छात्राओं में उत्साह भरा। डीएम ने कहा कि वह अपने पास पड़ोस के लोगों और गांवों में लोगों से मिलकर उन्हें अधिक से अधिक मतदान करने के लिये प्रेरित करें। कहा कि हमारा भारत देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इस लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत आम जनता है। जिसे हम मतदाता भी कहते है, ये मतदाता ही है जो लोकतंत्र का भविष्य तय करता है इसलिये देश का हर एक नागरिक जब मत देने के लिये जाता है, तो उसे एक जागरूक मतदाता की तरह अपना वोट देना चाहिये। डीएम ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, अध्यापकों, नागरिकों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। मतदाता जागरूकता की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर एसपी एस आनंद, एडीएम शत्रोहन वैश्य, डॉ. बृजभानु सिंह प्रमुख रुप से मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने लिया मतदाता जागरूकता का संकल्प
कचहरी में अधिवक्ताओं ने बुधवार को मतदान करने का संकल्प लिया। जूनियर बार एसोसिएशन में आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं ने अधिकाधिक संख्या में लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस मौके पर अध्यक्ष लीलाधर दूबे, शेष बहादुर सिंह, अवनीश पांडेय, अत्रि पांडेय, अलख पांडेय, आशीष श्रीवास्तव, अशोक पांडेय, गुलाब चंद्र, जावेद अहमद, विनोद त्रिपाठी प्रमुख रुप से मौजूद रहे।