प्रतापगढ़-वाराणसी के बीच इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेनों का संचालन शुरू
बृहस्पतिवार रात इलेक्ट्रिक इंजन से वाराणसी से प्रतापगढ़ पहुंची बीपी पैसेंजर
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर प्रतापगढ़ से वाराणसी के बीच इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार रात वाराणसी से इलेक्ट्रिक इंजन से बीपी पैसेंजर प्रतापगढ़ पहुंची। शुक्रवार सुबह भी ट्रेन को इलेक्ट्रिक इंजन से ही वाराणसी भेजा गया। प्रतापगढ़ के लिए बिजली से चलने वाली यह पहली ट्रेन है।
प्रतापगढ़ से बनारस के बीच पहली बार इलेक्ट्रिक इंजन से प्रतापगढ़-बनारस पैसेंजर को दौड़ाया गया। आरवीएनएल के सहायक प्रबंधक जेएन मिश्र ने कुछ दिनों पहले बनारस और गौरीगंज के बीच इलेक्ट्रिक इंजन का ट्रायल किया था। उसके बाद सीआरएस ने रूट चेक किया और ट्रेन चलाने की अनुमति प्रदान कर दी। फिटनेस मिलने के बाद प्रबंधक जेएन मिश्रा के नेतृत्व में बाकी औपचारिकता भी पूरी कर ली गई। इस बारे में जेएन मिश्रा ने बताया कि प्रतापगढ़ से बनारस के बीच पैसेंजर इलेक्ट्रिक इंजन से दौड़ाने की अनुमति मिल गई है। बृहस्पतिवार को रात में ट्रेन प्रतापगढ़ आई और शुक्रवार भोर में प्रतापगढ़-बनारस पैसेंजर को रवाना कर दिया गया।