बहन के घर से से लौट रहे बाइक सवार युवक की अज्ञात बदमाशाें ने लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
लालगंज के जगन्नाथपुर निवासी धर्मराज सरोज (32) पुत्र लहुरी सरोज गुरुवार को अपनी बहन के घर पूरे बैेसन गांव गया था। रात में खाना खाने के बाद बाइक से घर के निकला। काफी देर तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनाें ने तलाश शुरू कर दी। परिजन खोजबीन में ही जुटे थे कि वह रायपुर तियांई से रामपुर बावली की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित एक धर्मकांटे से कुछ दूरी पर लहूलुहान पड़ा मिला। घरवाले उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि बदमाशों ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला है। उनके मुताबिक मौके पर लाठी-डंडे भी मिले हैं। जमकर पीटने के बाद बदमाशों ने धर्मराज का मोबाइल ऑफ कर उसके ऊपर रख दिया था। साथ ही बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी थी। जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की जांच अभी किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे हत्या की वजह साफ हो सके। मामले में मृतक के बड़े भाई हरीश सरोज की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया। लालगंज पुलिस का दावा है कि शीघ्र घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
धर्मराज की हत्या की वजह अभी साफ नही हो सकी है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के इरादे से आए बदमाशों ने उसे मार डाला हो। दरअसल जिस मार्ग पर घटना हुई है, वहां आए दिन लूट व छिनैती की वारदातें होती रहती हैं। रामपुर बावली से रायपुर तियाई मार्ग पर लूट व छिनैती की वारदात कोई नई बात नहीं है। कई वर्षों से रानीगंज कैथौला बाजार आने जाने वाले व्यापारी इस मार्ग पर लूट के शिकार होते रहे हैं। बाइक व साइकिल सवार को भी बदमाशों ने अपना शिकार बनाया है। जगन्नाथपुर गांव के समीप रजबहा पर बना पुल व इसके आसपास झाड़ियां बदमाशाें का पुराना अड्डा भी है। शाम होने के बाद से इस मार्ग पर सन्नाटा पसर जाता है। पुलिस के इधर नहीं आने से बदमाश बेखौफ हो चुके हैं।