सदर विकास खंड के पूरेरायजू पेयजल परियोजना में अनियमितता मिलने पर डीएम के निर्देश पर जलनिगम के रिटायर्ड अधिशासी अभियंता राजेश खरे, अवर अभियंता सुधीर श्रीवास्तव और ठेकेदार देशराज सिंह के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। डीएम के निरीक्षण में पेयजल परियोजना में की जांच के दौरान 32.22 लाख रुपये का घपला उजागर हुआ था।
2013-14 में पूरेरायजू पेयजल परियोजना की स्थापना के लिए शासन से 117.15 लाख रुपये मिले थे। इस रकम से पंपिंग प्लांट, बाउंड्रीवाल और आवास का निर्माण कराया जाना था। बीते चार अप्रैल को डीएम शंभु कुमार और सीडीओ राजकमल यादव ने इस परियोजना की जांच की थी। निरीक्षण के दौरान पता चला कि चार फरवरी 2014 को ही परियोजना के तहत आए 104.72 लाख रुपये निकाल गए हैं।
पंपिंग प्लांट, बाउंड्रीवाल के लिए मिले 62.50 लाख रुपये में मात्र 33.99 लाख रुपये का कार्य कराया गया है। 32.22 लाख रुपये की अनियमितता सामने आई। डीएम के आदेश पर जलनिगम के अधिशासी अभियंता ओमवीर सिंह ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर पूर्व अधिशासी अभियंता राजेश खरे, अवर अभियंता सुधीर श्रीवास्तव और ठेकेदार देशराज सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
टीएसी के रडार पर चार परियोजनाएं
जलनिगम की चार पेयजल परियोजनाएं टीएसी के रडार पर हैं। इन परियोजनाओं में रुपये तो निकल गए हैं, मगर अभी तक पानी नहीं निकला है। टीएसी की टीम जल्द ही इनकी जांच करने आ सकती है। संडवा चंद्रिका विकास खंड के बाबूपुर, ढेरहना, बेलखरनाथधाम के खमपुर और सदर ब्लाक के पूरेरायजू में पेयजल परियोजना के निर्माण की जांच शासन ने टीएसी को सौंपी है। बाबूपुर में 113.41 लाख रुपये की परियोजना में 101.37 लाख रुपये निकल गए हैं, ढेरहना में 113.41 लाख रुपये, बेलखरनाथधाम के खमपुर निर्माण के लिए 86.63 लाख स्वीकृत हुए। सदर विकास खंड के पूरेरायजू में 117.15 लाख रुपये स्वीकृत हुए और 104.13 लाख रुपये का भुगतान कर लिया गया है। शासन ने नौ मार्च को पत्र जारी कर टीएसी से जांच रिपोर्ट तलब की है।
गेहूं की खरीद कम होने पर डीएम ने सचिव को फटकारा
गेहूं खरीद केंद्रों पर अपेक्षित खरीद नहीं होने पर डीएम ने सचिव को फटकार लगाई है। गुरुवार को मंडी समिति और पीसीएफ खरीद केंद्रों का निरीक्षण कर मात्र आठ किसानों को 157.50 कुंतल गेहूं खरीद होने पर डीएम ने नाराजगी प्रकट की। एमआई श्यामू मिश्रा को फटकार लगाते हुए किसानों से संपर्क कर अधिकाधिक गेहूं खरीदने का निर्देश दियबा है।
पेयजल समस्या के लिए ब्लाकों में बना कंट्रोलरूम
सीडीओ राजकमल यादव ने पेयजल की समस्या का निराकरण करने के लिए जिला और ब्लाक मुख्यालयों पर कंट्रोलरूम की स्थापना की है। जिले में डीडीओ अरविंद सिंह, ब्लाकों में बीडीओ और एडीओ पंचायत को जिम्मेदारी सौंपी गई है।