आईजी बीएसएफ ने ली कुंडा के बूथों और प्रत्याशियों के बारे में जानकारी
पुलिस अधीक्षक सहित एडिशनल भी रहे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। चुनाव को लेकर आईजी बीएसएफ ने बूथों के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही प्रत्याशियों के प्रभाव के बारे में भी चर्चा की। अधिकारियों से क्रिटिकल और वर्नेबुल बूथों पर की गई व्यवस्था के बारे में जानकारी हासिल करते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए।
कौशाम्बी लोकसभा में चुनाव के लिए आईजी बीएसएफ सुनील कुमार को चुनाव आयोग ने आब्जर्वर तैनात किया है। शुक्रवार को वह दोपहर में कुंडा डाकबंगले पहुंचे। उनकी आगवानी के लिए पहले से ही पुलिस अधीक्षक, एडिशनल, सीओ व तहसील प्रशासन मौजूद था। डाकबंगले पहुंचकर उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने प्रत्याशियों के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही बूथों के बारे में पूछताछ की। वर्नेबुल और क्रिटिकल बूथों पर मतदान के दौरान क्या व्यवस्था रहेगी। इसके बारे में भी उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूछताछ की। कहा कि क्रिटिकल बूथों पर पुलिस के साथ ही फोर्स के जवान रहेंगे लेकिन अगर वहां किसी तरह की शांति भंग हुई तो पुलिस की क्या प्रतिक्रिया रहेगी। इसके अलावा उन्होंने बूथों पर चिन्हित किए गए लोगों के बारे में भी चर्चा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक के साथ ही एडिशनल पश्चिमी शिवाजी शुक्ला, सीओ कुंडा राधेश्याम, सीओ सदर बबिता सिंह, कुंडा कोतवाल के साथ ही एसओ मानिकपुर सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
मामूली विवाद में मारपीट, तोड़फोड़
कुंडा (ब्यूरो)। मामूली विवाद में मारपीट के साथ ही तोड़फोड़ की गई। पीड़ित ने कोतवाली में इसकी तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी बैजनाथ सरोज पुत्र राम सुख बाइक से कहीं जाने की तैयारी कर रहा था। इस दौरान पड़ोस के ही कुछ लोगों की गाय उधर गुजरी और उसकी बाइक में टक्कर मारते हुए निकली गई। इससे उसकी बाइक टूट गई। उसने उलाहना दिया तो विपक्षियों ने मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोप है कि उसकी गाड़ी भी तोड़ दी गई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर पड़ोसी नान भइया व लवकुश यादव पुत्र रामदेव यादव के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी और तोड़फोड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटे बाइक सवार
बाघराय (ब्यूरो)। थाना क्षेत्र के पूरे शिवभीख चौराहे के पास बिहार की ओर से आ रहे एक बाइक पर सवार तीन लोग अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गए। इससे तीनों घायल हो गए। रात का समय होने के कारण तीनों गड्ढे में पड़े थे। इस दौरान उधर से गुजर रहे आचार्य देवव्रत महाराज व प्रबंधक महासभा के प्रदेश प्रभारी मनीष शुक्ला ने तीनों को अपनी गाड़ी से सीएचसी बाघराय पहुंचाया। अस्पताल में घायल बब्लू पुत्र राजकुमार निवासी मीरा गांव, दिलीप पुत्र राजकुमार निवासी कटरा गुलाब सिंह व सत्यम पुत्र बृजलाल निवासी गंभीरा जेठवारा को प्राथमिक इलाज के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
फोटो- 35
कलश यात्रा में छलकी आस्था की गागर
बाघराय(ब्यूरो)। स्थानीय बाजार के निकट पूरेशिवभीख चौराहे पर श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया है। शुक्रवार को कथा की शुरुआत के पहले कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा पूरेशिवभीख, सुंदरगंज बाजार, हनुमत धाम, चामुंडा धाम होते हुए कथा स्थल पर पहुंची। जहां आचार्य देवव्रत महराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापित कराकर श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ कराया। कलश यात्रा में श्रद्धालु बैंड बाजे व सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ नाचते गाते हुए शामिल हुए। इस मौके पर सावित्री केसरवानी, पप्पू केसरवानी, गुड्डू केसरवानी, बबलू केसरवानी, कपूर चंद केसरवानी, गोलू, हर्ष, पंकज, मूलचंद, संतोष पांडेय, दीनानाथ, बिहारी लाल, कोमल चंद, बेनी, राहुल, अभय, घंटी केसरवानी, शिव प्रसाद, गणेशी, बच्चा, सूरज, शुभम, विष्णु केसरवानी आदि मौजूद रहे।
आग से एक बीघे गेहूं की फसल जली
बाबागंज(ब्यूरो)। थाना क्षेत्र के पूरे मनगुरिहन पटना गांव में शुक्रवार की दोपहर अचानक गेहूं के खेत में आग लग गई। इससे रमेश चंद तिवारी, देवीशरण पांडेय की गेहूं की करीब एक बीघे फसल जल गई।आसपास के लोगों ने काफी प्रयास से आग पर काबू पाया।
‘जय श्रीराम’ के जयघोष के साथ निकली हनुमान की शोभायात्रा
हनुमान जयंती पर जगह-जगह आयोजित हुआ भंडारा
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा/डेरवा/बाघराय। हनुमान जयंती पर जगह-जगह शोभयात्रा निकाली गई। इसके साथ ही कहीं बाइक जुलूस तो कहीं डीजे के साथ लोग नाचते गाते नजर आए। इसके अलावा शाम को जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया।
हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में कुुंडा कस्बे में शोभायात्रा निकाली गई। लोग डीजे और गाड़ियों के साथ पूरे कुंडा में घूमते रहे। इसके बाद काजीपुर महराजगंज में प्रधान अखिलेश प्रजापति की अगुवाई में भंडारे का आयोजन किया गया। उधर, बिहार में हनुमतधाम पर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान राजेश केसरवानी, राजेश साहू, राजू केसरी, धीरेंद्र सिंह, रजत केसरवानी, रावेंद्र सिंह, हर्ष, संतोष, उज्जवल, आशीष मोदनवाल, अशोक साहू, आरके त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। उधर, डेरवा में विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों वाहनों व बैंडबाजे के साथ शोभायात्रा निकाली। भावनपुर स्थित हनुमान मंदिर पर पूजा करने के बाद वाहन जुलूस निकाला गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विहिप नेता राज कुमार मिश्र ने किया। इस मौके पर अशोक मिश्र, विनोद शुक्ल पूर्ब प्रधान, अमित पांडेय, पप्पू पांडेय, पिंटू मिश्र, विजय मिश्र, शशांक मिश्र, उदय मिश्र, संतोष तिवारी, तूफानी मिश्र, सोनू पांडेय, ओम मिश्र, राहुल शुक्ल, अंकित तिवारी, आशुतोष आदि मौजूद रहे।