वेतनभोगी सहकारी समिति के सचिव पर धोखाधड़ी का केस
वैधानिक संस्था नहीं होने के बाद भी आयकर से छूट का जारी कर दिया प्रमाणपत्र
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। बेसिक शिक्षा परिषद वेतनभोगी सहकारी समिति के सचिव अभय प्रताप सिंह पर नगर कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। हेडमास्टर इंद्रसेन सिंह ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
बेसिक शिक्षा परिषद वेतनभोगी सहकारी समिति से इंद्रसेन सिंह ने होमलोन लिया था। कोई वैधानिक संस्था नहीं होने के बाद भी आयकर छूट का प्रमाणपत्र निर्गत कर दिया। जबकि आयकर अधिकारी ने पत्र जारी कर संस्था को अवैध करार दिया था। शिक्षक का आरोप है कि समिति के सचिव अभय प्रताप सिंह ने कूटरचित दस्तावेज तैयार करके शिक्षक के साथ छल किया। शिक्षक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फोटो
डीजे, बैंडबाजे संग निकली जागरूकता रैली
डीएम के नेतृत्व में शिक्षक, कर्मचारी और बच्चे हुए शामिल, पहली बार दिखा जोश
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। डीएम मार्कंडेय शाही के नेतृत्व में सोमवार की शाम शहर में निकली मतदाता जागरूकता रैली ने शहरियों में जोश भर दिया। ऐसा पहली बार हुआ कि रैली में कर्मचारियों के साथ ही अफसरों ने घूम-घूमकर लोगों से शत-प्रतिशत मतदान करने का आह्वान किया।
लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद जिले में मतदाता जागरूकता अभियान कार्यक्रम चलाया जा रहा है। सोमवार शाम को कंपनी बाग से प्रारंभ हुई रैली का नेतृत्व स्वयं डीएम मार्कण्डेय शाही ने किया। कस्तूरबा गांधी मंगरौरा और लक्ष्मणपुर की बालिकाएं बैंडबाजा बजाते हुए आगे निकलीं तो डीजे ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कंपनीबाग से प्रारंभ हुई रैली राजापाल टंकी चौराहा, जीआईसी, श्रीराम तिराहा, चौक, तहसील गेट, बाबागंज के रास्ते हादीहाल पहुंची। शहर में पहली बार निकली जागरूकता रैली को देखने के लिए लोग उमड़ पड़े। आगे-आगे चल रहे डीएम के कदम से कदम अफसर मिलाते रहे। रैली में एडीएम शत्रोहन वैश्य, सीडीओ धीरेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम सदर विनीत कुमार उपाध्याय, डीआईओएस एसपी यादव, बीएसए अशोक कुमार सिंह, राम कुमार सिंह, सुशील सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।