वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल में रायबरेली ने प्रतापगढ़ को हराया
दो दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का हुआ समापन
बाबागंज(ब्यूरो)। दो दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का समापन हो गया। इसमें रायबरेली की टीम ने प्रतापगढ़ की टीम को दो सेटों में हराकर शील्ड पर कब्जा कर लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने टीम के खिलाड़ियों को शील्ड प्रदान की।
बाबागंज क्षेत्र के लखपेड़ा बाजार में जयेंद्र क्लब के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अंतरजनपदीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ क्लब के अध्यक्ष कुंवर दिवाकर प्रताप सिंह ने फीता काट कर किया। प्रतियोगिता में प्रयागराज, जौनपुर, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, रायबरेली समेत एक दर्जन टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मैच प्रतापगढ़ और रायबरेली के बीच तीन सेटों में खेला गया। रायबरेली की टीम ने प्रतापगढ़ को 15-6, 15-11 के अंतर से हराकर शील्ड अपने नाम की। मैच के दौरान अखिलेश प्रताप सिंह और दिवाकर सिंह ने रेफरी की भूमिका निभाई। कमेंटेटर की भूमिका चंद्र प्रताप सिंह तथा स्कोरर की भूमिका अभयानंद द्विवेदी ने निभाई। विजेता तथा उपविजेता टीम के कप्तान को मुख्य अतिथि प्रभारी थानाध्यक्ष संग्रामगढ़ मुन्नीलाल ने शील्ड देकर पुरस्कृत किया। इस दौरान शिवनारायण पांडेय, कुंज बिहारी सिंह, त्रिभुवन नाथ मिश्रा, अनिल सिंह, नूरआलम फारूकी, जन्नती कौव्वाल, सूर्य प्रताप सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
ग्रीनकप क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ
बाबागंज (ब्यूरो)। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले खेल प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहन देने की जरूरत है। ऐसे ही आयोजनों से गांव की छिपी हुई प्रतिभाएं निकलकर सामने आती हैं। यह बातें प्रधान कुंवर मुन्नू सिंह ने अहलादगंज के हीरा स्टेडियम में आयोजित दस दिवसीय ग्रीन कप क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कहीं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और फीता काटकर क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उद्घाटन मैच माघी और अहलादगंज के बीच खेला गया। इसमें पहले बल्लेबाजी करने उतरी अहलादगंज की टीम ने निर्धारित ओवरों में 120 रन बनाए। बाद में लक्ष्य का पीछा करने उतरी माघी की टीम ने 10 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर मैच जीत लिया। इस दौरान बबलू, राजू, सोनू सिंह, तौकीर, राजू, नईम, खलील समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
फोटो- 31, 32
जनसत्ता क्रिकेट कप का उद्घाटन करने पहुंचे राजाभैया के बेटे
अमर उजाला ब्यूरो
बिहार। क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन करने पहुंचे राजाभैया के दोनों बेटों का लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान उन्हें स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। दोनों लोगों ने टूर्नामेंट का उद्घाटन फीता काटकर किया।
विकास खंड के शकरदहा में आयोजित जनसत्ता क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन करने के लिए राजा भैया के दोनों पुत्र बृजराज सिंह व शिवराज सिंह पहुंचे। दोनों ने टूर्नामेंट का उद्घाटन करते हुए शकरदहा को अपनी भूमि बताया। दोनों को प्रधान शकरदहा ने चांदी का मुकुट व तलवार भेंट की। इसके बाद प्रधान संघ जिलाध्यक्ष पिंटू सिंह ने चांदी के खड़ाऊ व मूर्तियां भेंट कीं। इस मौके पर बाबागंज विधायक विनोद सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष उमाशंकर यादव ,डा. केएन ओझा, जिला पंचायत सदस्य प्रफुल्ल कुमार सिंह, प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष अध्यक्ष पिंटू सिंह, प्रमुख विहार अनुभव यादव, प्रमुख बाबागंज पंकज सिंह, क्षीरसागर तिवारी, लालमणि मिश्र, प्यारे लाल यादव, संजय सिंह, पप्पू पहलवान, रामचंदर आदि मौजूद रहे।
फोटो- 33
बाबागंज में नहीं रुकेगा विकास : विनोद
समाजसेवी संगमलाल पांडेय के जन्मदिन पर आयोजित हुई खेल प्रतियोगिता
अमर उजाला ब्यूरो
डेरवा। गांव के विकास में ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ये सही है कि सरकारी तंत्र सही तरीके से अपना कार्य नहीं कर रहा लेकिन अगर गांव के लोगो में सहयोग की भावना और आपस में सही तालमेल है तो सरकारी तंत्र को भी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन सकारात्मक तरीके से करना पड़ेगा। यह बातें बिहार विधायक विनोद सरोज ने डेरवा के विकरा गांव में आयोजित समाजसेवी व पूर्व इंस्पेक्टर स्व. संगमलाल के जन्मदिवस के मौके पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में कही। उन्होंने कहा कि समाज सेवा का यही अर्थ है कि वह लोगों के रुके हुए काम को पूरा करे। उन्होंने बताया कि स्व.संगमलाल ने गांव के लिए रास्ता न होने पर अपने खेत से रास्ता दिया। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष उमाशंकर यादव ने कहा कि अगर स्व. संगमलाल पांडेय की तरह लोग अच्छी सोच रखेंगे तो कहीं भी किसी गांव का विकास रुक नहीं पायेगा। इस मौके पर ग्रामीण विकास की समस्या बनाम सरकारी तंत्र विषयक गोष्ठी, लम्बी रेस व वालीवाल प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ लम्बी रेस को जिला पंचायत सदस्य बबलू शुक्ल ने हरी झंडी दिखा कर किया। इसमें जामिद पहले स्थान व सोनू यादव दूसरे व अनुज पांडेय तीसरे स्थान पर रहे। वॉलीवाल प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया। इसमे फाइनल में कटरागुलाब सिंह व जगदीश पुर की टीम पहुंची। बाद में कड़े मुकाबले में जगदीशपुर की टीम को हराकर कटरागुलाब सिंह की टीम विजेता बनी। सभी विजेता खिलाडिय़ों को मुख्य अतिथि व विशिष्ठ अतिथि ने पुरस्कार वितरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार कृष्णनंद तिवारी तथा संचालन राजाराम पांडेय व जीतेन्द्र पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख बाबागंज पंकज सिंह, जिला पंचायत सदस्य बबलू शुक्ल, संगमलाल गुप्ता, विनोद शुक्ल, अशोक पटेल, विनोद पांडेय, रामफेर पांडेय, बसंत लाल, स्वतंत्र ओझा, लालजी तिवारी, अजय मिश्र व राम कैलाश पांडेय आदि मौजूद रहे।