शहर के दहिलामऊ व मां बेल्हा देवी स्थित कुम्हार बस्ती के 30 परिवारों ने धनतेरस के लिए करीब छह हजार गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमाएं तैयार की हैं। मिट्टी से बनी प्रतिमाओं का रंग-रोगन किया जा रहा है। बृहस्पतिवार तक तैयार प्रतिमाओं को दुकानों पर पहुंच जाएगी। धनतेरस पर यही प्रतिमाएं लोगों के घरों में पूजन-अर्चन के लिए विराजेंगी। वहीं, महंगाई के चलते प्रतिमाओं पर कुम्हारों का मुनाफा 10 से 15 फीसदी तक कम हो गया है।
दहिलामऊ निवासी दिनेश प्रजापति ने अपने 70 वर्षीय पिता हरिराम प्रजापति के साथ मिलकर करीब आठ सौ प्रतिमाएं तैयार की हैं। हरिराम प्रजापति ने बताया कि करीब 50 साल से वह प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं। मिट्टी के दाम बीते दो साल में नौ सौ से बढ़कर 1800 रुपये प्रति ट्रॉली तक पहुंच गए हैं। रंगों के दाम भी दो गुने हो गे हैं। शासन से इलेक्ट्रॉनिक चाक मिलने से काम आसान हुआ लेकिन महंगाई ने मुनाफा करीब 15 फीसदी तक घटा दिया। इस बार 10 से 15 हजार रुपये का मुनाफा होने की उम्मीद है।
दहिलामऊ के ही राममूर्ति प्रजापति ने भी करीब 12 सौ प्रतिमाएं तैयार की हैं। रंग-रोगन का जिम्मा उनके बड़े भाई की बेटी सातवीं की छात्रा अर्पिता व बेटा 10वीं के छात्र रिंकू उठा रहे हैं।
................................
कोलकाता, लखनऊ व वाराणसी की मूर्तियों की धूम, बाजार गुलजार
धनतेरस के लिए बाजार गुलजार हैं। शहर के प्रमुख मार्गों के किनारे 100 से अधिक दुकानें सजी हैं। दुकानदारों ने कोलकाता, लखनऊ, वाराणसी व चुनार से लक्ष्मी- गणेश की प्रतिमाएं मंगाई हैं। प्रतिमाओं के दाम बीते साल की तुलना में 20 से 25 रुपये बढ़ गए हैं। शहर के अंबेडकर चौराहे, बाबागंज, चौक, भंगवा चुंगी, जोगापुर, चिलबिला व महुली बाजार में व्यापारियों ने दुकानें सजाई हैं।
दुकानदार रामफल साहू ने बताया कोलकाता की प्रतिमाएं अधिक खूबसूरत होती हैं। शृंगार व कढ़ाई के कपड़े से प्रतिमाएं आकर्षक दिखती हैं। 300 से छह हजार रुपये कीमत की प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। व्यापारी मनीष गुप्ता ने बताया कि कोलकाता की प्रतिमाओं की तुलना में लखनऊ की प्रतिमाएं सस्ती हैं, जो कि 100 से 2500 रुपये तक हैं।
व्यापारी पिंटू गुप्ता ने बताया कि वाराणसी व शहर में तैयार प्रतिमाओं की कीमत 100 से एक हजार रुपये तक है। व्यापारी राम आसरे ने बताया कि मिर्जापुर चुनार की प्रतिमाएं सबसे सस्ती हैं। प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से बनीं प्रतिमाएं 20 से 200 रुपये तक उपलब्ध हैं।