डीएम अभिषेक पांडेय ने तैनाती होने के बाद पट्टी तहसील में पहली बार संपूर्ण समाधान दिवस में जनता की समस्याएं सुनीं। डीएम और एसपी के समक्ष समस्याओं का अंबार लग गया। अधिकारी 286 शिकायतें देखकर मातहतों का चेहरा निहारते रहे। डीएम ने अफसरों से गंभीरता से शिकायतों की जांच करने को कहा है। 12 शिकायतों का डीएम ने मौके पर ही निस्तारण किया।
पट्टी में शनिवार को हुए संपूर्ण समाधान दिवस में 146 शिकायतें राजस्व विभाग, पुलिस विभाग से 38, विकास विभाग से 22, समाज कल्याण से 06, शिक्षा से 05, स्वास्थ्य से 03 और 66 अन्य विभागों की शिकायतें आईं। दिलीपपुर के पूरे बेनीराम निवासी प्रवीन मिश्रा ने बताया कि हत्या के मामले में गवाह हैं, उन्हें धमकी मिल रही है। एसपी ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।
कलीमउल्ला निवासी गोई ने शिकायत किया कि बिजली का खंभा और कनेक्शन के लिए तीन साल पहले रुपये जमा किया था। एक साल पहले खंभा गड़वा दिया, मगर आज तक केबल और कनेक्शन नहीं हुआ है। डीएम ने एक्सईएन को फटकार लगाते हुए अविलंब कनेक्शन कराने को कहा। इस अवसर पर एसडीएम पूर्णेंदु मिश्र, सीओ मनोज कुमार सिंह, डीएफओ आशुतोष गुप्ता, पीडी दयाराम यादव, डीडीओ संतोष कुमार सिंह मौजूद रहे।
लालगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 145 शिकायतें आई, जिसमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। एसडीएम शैलेंद्र वर्मा ने शिकायतों को प्राथमिकता पर निपटाने को कहा है। कुंडा, रानीगंज और सदर तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।