2715 people did not arrive to get corona vaccine
प्रतापगढ़। शुक्रवार को शासन की तरफ से जिले के बीस बूथों पर 4100 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन महज 1385 लोग ही टीकाकरण कराने पहुंचे। 2715 लोग बूथों पर नहीं आए। उधर, शनिवार से जिले के पांच निजी अस्पतालों में भी कोरोना का टीकाकरण किया जाएगा। यहां टीका लगवाने के लिए आने वाले लोगों से ढाई सौ रुपये शुल्क लिया जाएगा।
शासन की ओर से शुक्रवार को 4100 लोगों को कोरोना का टीका लगाने का लक्ष्य सीएमओ को दिया गया था, मगर प्रचार-प्रसार के अभाव में 2715 लोग टीका लगवाने के लिए बूथों तक नहीं पहुंचे। महज 1385 लोगों ने ही टीका लगवाया। इसमें तमाम ऐसे लोग भी शामिल थे जिन्हें वैक्सीन की दूसरी खुराक दी गई।
सहायक प्रतिरक्षाधिकारी महेश सिंह ने बताया कि शनिवार से जिले के पांच प्राइवेट अस्पतालों में भी कोरोना का टीका लगाया जाएगा। यहां टीका लगवाने वाले लोगों को ढाई सौ रुपये शुल्क देना पड़ेगा। सरकारी अस्पतालों में मुफ्त टीका लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के रूमा नर्सिंगहोम के साथ ही संजीवनी, शांतनु और रानीगंज के नारायण स्वरूप व कुंडा के ऊषा अस्पताल में कोरोना का टीका ढाई सौ रुपये शुल्क जमा कर लगवाया जा सकेगा। हालांकि अभी बुजुर्गों को ही कोरोना का टीका लगाया जाएगा।
कचहरी से दस्तावेज चुराकर भागना युवक को पड़ा भारी
प्रतापगढ़। मानधाता निवासी चांद मोहम्मद कचहरी से सरकारी दस्तावेज जेब में रखकर भाग रहा था। वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।
कच्ची शराब बनाते दो लोग गिरफ्तार
प्रतापगढ़। आबकारी विभाग की टीम ने पुलिस के साथ छापा मारा। इस दौरान दो अलग-अलग गांवों से दो लोगों को लहन व उपकरण के साथ ही कच्ची शराब बनाते पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आबकारी विभाग के साथ जेठवारा पुलिस ने शुक्रवार को घीसा का पुरवा और रेणवीर जंगल में छापा मारा। यहां पर 55 किलो लहन और शराब बनाने वाली भट्टी को नष्ट कराया। उपकरण तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिए गए।