शिवगढ़। विकास खण्ड बाबाबेलखरनाथधाम में शुक्रवार को आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक औपचारिकताओं के बीच सम्पन्न हुई। बैठक में पुरानी कार्ययोजना की मंजूरी व नए कार्यों के प्रस्ताव आमंत्रित किए गए। मौजूदा समय में क्षेत्र पंचायत मद में बचे लगभग 22लाख रुपये के लिये कार्ययोजना देने का प्रस्ताव पारित किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री मोती सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतें विकास की धुरी हैं। आपसी मतभेद भुलाकर हम अपने गांव में सर्वांगीण विकास कर सकते हैं। विकास योजनाओं में सबकी हिस्सेदारी तय हो, इसका हमें ध्यान रखना होगा। मौजूदा सरकार लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रही है। मतदाताओं के नाम काट दिए जा रहे हैं। कोई सुनने वाला नहीं है। पंचायत चुनाव कब होंगे। आरक्षण कैसा होगा, यह सब सरकार नहीं तय कर पा रही है।
कोर्ट को दखल देना पड़ रहा है। कैबिनेट मंत्री प्रो. शिवाकान्त ओझा के प्रतिनिधि अनिल तिवारी ने प्रमुख कमलाकांत से क्षेत्र पंचायत मद से लगी सोलर लाइटों को ठीक कराने की बात कही। बैठक से नदारद अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संचालन शिव बहादुर सिंह व अध्यक्षता प्रमुख कमलाकांत ने की। इस मौके पर जिपं सदस्य पंकज सिंह, अमरपाल, राजकुमार सिंह, एडीओ पंचायत शिवचरन पुष्पजीवी, कार्यवाहक खंड विकास अधिकारी रवी पाल, राकेश यादव, रवीन्द्र सिंह, आशु, अनिल यादव आदि मौजूद रहे।