प्रतापगढ़। बेसिक शिक्षा विभाग भले ही यह दावा करे कि जिले के सभी स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती की गई है और नियमित रुप से खुल रहे हैं। मगर सदर विकास खंड के प्राथमिक स्कूल रामनगर दो दिन से नहीं खुल रहा है। दरअसल, इस स्कूल में न तो अध्यापक हैं और न ही शिक्षामित्र की तैनाती की गई है। शुरूआती दिनों में ही नैनिहालों के भविष्य से विभागीय अफसरों खिलवाड़ करते नजर आ रहे हैं।
सदर विकास खंड के प्राथमिक स्कूल रामनगर ही नहीं, बल्कि और भी ऐेसे स्कूल हैं, जिनमें अध्यापकों की तैनाती नहीं होने से दो दिन से ताला लटक रहा है। गांव के बच्चे स्कूल में पढ़ने के लिए आते हैं, मगर ताला देखकर लौट जा रहे हैं। दरअसल, इन स्कूलों को बंद करने में विभाग के ही अधिकारियों का हाथ है। रामनगर स्कूल में राकेश पांडेय की तैनाती की गई थी, विभागीय अफसरों ने इन्हें नगर क्षेत्र के पुरानामाल गोदाम रोड स्थित प्राइमरी स्कूल से संबद्ध कर दिया। इसके बाद वह लौटकर रामनगर स्कूल नहीं गए। हालांकि उन्हें वेतन अभी भी रामनगर स्कूल से ही मिल रहा है। बीएसए अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही शिक्षक की तैनाती कर स्कूल संचालित किया जाएगा।