सेवा कार्य के क्रम में 10 हजार लोगों को बांटी गईं दैनिक उपयोग की वस्तुएं
कुंडा (ब्यूरो)। सेवा कार्य के क्रम में मनगढ़ आश्रम में गरीबों को दैनिक उपयोग की वस्तुओं का वितरण किया गया। इस दौरान भारी संख्या में लोगों ने लाइन में लगकर उपहार प्राप्त किए।
जगद्गुरु कृपालु परिषत समय-समय पर गरीबों को उपहार का वितरण करता है। इसमें उन्हें दैनिक उपयोग की वस्तुएं प्रदान की जाती हैं। इसी क्रम में मंगलवार को आश्रम में 10 हजार लोगों को दैनिक उपयोग की वस्तुओं का वितरण किया गया। इसमें स्टील की थाली, तौलिया, टार्च आदि शामिल है। परिषद की अध्यक्षता डा. विशाखा त्रिपाठी, डा. श्यामा त्रिपाठी और डा. कृष्णा त्रिपाठी ने स्वयं खड़े होकर एक-एक व्यक्ति को उपहार प्रदान किया। अभी कुछ दिन पहले भी ग्रामीणों को टिन के बक्से के साथ ही दस किलो दाल के साथ चीनी व घी दिया गया। संस्था मनगढ़ में वर्षों से इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करती आ रही है।
इलाज में लापरवाही पर ग्रामीणों ने झोलाछाप को घेरा
कोतवाली में दी तहरीर, क्षयरोग का इंजेक्शन लगाने के बजाए डस्टबिन में फेंकने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने झोलाछाप को घेर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
कोतवाली क्षेत्र के बसहीपुर जमेठी गांव निवासी शिवप्रसाद यादव दमा और क्षय रोग से पीड़ित था। उसने कुछ दिन प्रयागराज के एक नर्सिंगहोम में इलाज कराया। इसके बाद वहां से इंजेक्शन ले आता था और भिटवा चौराहे पर झोलाछाप सोनू विश्वकर्मा से लगवाने जाता था। बीते सोमवार को उसकी तबीयत फिर खराब हुई तो वह प्रयागराज गया। वहां जांच के बाद चिकित्सक ने इंजेक्शन समय से न लगने की बात कही। शिव प्रसाद घर आया और ग्रामीणों के साथ सोनू के क्लीनिक पर गया। वहां देखने पर उसे सारे इंजेक्शन उसके दराज में मिल गए। इसकी जानकारी होने पर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और झोलाछाप का क्लीनिक घेर लिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। इसके बाद चिकित्सक को कोतवाली ले आई। बाद में शिव प्रसाद ने इसकी तहरीर कोतवाली में दी। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
फोटो- 28
बीडीओ के न आने से नाराज जनप्रतिनिधियों ने की ब्लॉक में तालाबंदी
24 फरवरी से गायब हैं बीडीओ, फोन भी नहीं कर रहे रिसीव
अमर उजाला ब्यूरो
परियावां। महीनों से ब्लाक में बीडीओ के न आने से नाराज जनप्रतिनिधियों ने बुधवार को ब्लाक में तालाबंदी कर दी। इसके साथ ही जमकर नारेबाजी की गई। पुराने बीडीओ के ट्रांसफर होने के बाद नए बीडीओ ने कार्यभार तो लिया, लेकिन इसके बाद वह लौटकर आए ही नहीं। इससे ब्लाक का कोई भी कार्य नहीं हो पा रहा है।
कालाकांकर ब्लाक में 24 फरवरी को नए बीडीओ राजीव कुमार शर्मा ने चार्ज लिया था। इसके बाद वह छुट्टी पर चले गए। आठ मार्च से वह स्टाफ को बिना बताए ही गायब हो गए। इसके साथ ही उनका मोबाइल भी बंद हो गया। काफी दिन बाद उनका मोबाइल चालू भी हुआ तो वह किसी का फोन नहीं रिसीव कर रहे हैं। इधर ब्लाक में कोई काम न होने के कारण प्रधान, बीडीसी आदि परेशानी में पड़े हुए हैं। इसकी शिकायत प्रधान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रमुख बैजनाथ सिंह से की तो उन्होंने भी बीडीओ से कई दिन बात करने का प्रयास किया। फोन जाने के बाद भी न उठने पर उन्होंने बुधवार को प्रधान सहित जिला पंचायत सदस्यों के साथ ब्लाक में तालाबंदी कर दी। इस दौरान ब्लाक में भारी संख्या में जुटे प्रधानों ने जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरानं राकेश सरोज, कमलेश यादव, विभूति प्रसाद, मनोज सिंह, संतोष, जाहिद अली, मुस्तकीम, हरिशंकर, राजेंद्र सिंह, सुधीर सिंह, विनोद, अशोक जायसवाल आदि मौजूद रहे।
महेशगंज अस्पताल में शुरू होगी टेलीमेडिसिन सेवा
बाबागंज (ब्यूरो)। असाध्य रोगों से पीड़ित लोगों को इलाज कराने के लिए अब दूर नहीं जाना होगा। शासन के निर्देश पर बाबागंज विकासखंड के महेशगंज में स्थित सीएचसी में टेलीमेडिसिन सेवा शुरू होगी। मंगलवार को लखनऊ से आई टीम के सदस्यों ने टेलीमेडिसिन की मशीन लगवाई। अस्पताल के प्रभारी डा. हारून का कहना है कि असाध्य रोगों से पीड़ित लोगों का इलाज अब यहीं पर संभव हो सकेगा।
फोटो- 32, 33
होली मिलन में उड़े गुलाल
कुंडा/डेरवा। क्षेत्र के बाबूगंज बाजार में मोदनवाल समाज ने होली मिलन का आयोजन किया। इसमें शामिल हुए लोगों ने फूलों की होली खेली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि श्यामलाल गुप्ता ने मोदनसेन महाराज के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया। इसके बाद रंगारंग कार्यक्रमेां की प्रस्तुति दी गई। बाद में रंग और अबीर लगाकर होली खेली गई। इस दौरान फूलों की भी होली खेली गई। कार्यक्रम में लोगों को मतदान करने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस दौरान लल्लू राम गुप्ता, दुर्गेश मोदनवाल, शशी केसरवानी, उपेंद्र कुमार, पुरुषोत्तम दास, अनिल कुमार, राजकुमार, मदनलाल, छेदीलाल आदि लोग मौजूद रहे।
उधर डेरवा क्षेत्र के काशीपुर डुबकी गांव में होली मिलन का आयोजन किया गया। इसमें हरिनाथ सुमन ने बिरहा गीतों के माध्यम से समां बांध दिया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व प्रधान हरिश्चंद्र पटेल ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी रामफेर पांडेय व संचालन राजाराम पांडेय ने किया। कार्यक्रम में समाजसेवी लालजी वैश्य, सीताराम तिवारी, मनोज वैश्य, विनोद प्रधान, मेवालाल पटेल, मदन सरोज, शिवकुमार पटेल, आशीष शुक्ल, पंकज मिश्र, विक्रांत तिवारी, रामा गौतम आदि मौजूद रहे।
फोटो- 30, 31
शार्ट सर्किट से घर में लगी आग, सो रही युवती गंभीर रूप से झुलसी
शोरशराबे पर जुटे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
बाघराय/बिहार। शार्ट सर्किट से घर में अचानक आग लग गई। इस दौरान घर में सो रही एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई। शोर शराबे पर गांव के लोग मौके पर जुटे और किसी तरह से आग पर काबू पाया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद घर में गंभीर रूप से झुलसी युवती को इलाज के लिए भेजा गया। घटना से पूरे गांव में हडक़ंप मचा रहा।
बाघराय थाना क्षेत्र के खरैला गांव निवासी विनय उर्फ विनोद पांडेय पुत्र राम अभिलाष पांडेय के घर में दोपहर लगभग तीन बजे विद्युत शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने के समय विनोद पांडेय की बेटी रीतू पांडेय (19) घर के अंदर सो रही थी। आग लगने के बाद उसकी आंख खुली लेकिन वह बाहर नहीं निकल पाई। शोर शराबे भारी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने काफी मश्क्कत के बाद आग बुझाई। इस दौरान रितू गंभीर रूप से झुलस गई। इसके साथ ही घर में रखा गृहस्थी का सामान भी जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर बाघराय पुलिस ने पहुंचकर झुलसी युवती को अस्पताल भेजवाया। बाघराय सीएचसी से उसे प्रयाराज के लिए रेफर कर दिया गया है। मौके पर पहुंचे प्रधान रमाकांत सिंह ने पीड़ित परिवार को आवास, शौचालय व आर्थिक सहायता करने का आश्वासन दिया। आग लगने के समय बालिका के पिता विनय, मां अर्चना, भाई अर्पित, प्रियांशु, बहन प्रज्ञा घर के बाहर छप्पर में सो रहे थे। आग बुझने के बाद मौके पर दमकल भी पहुंची।