बारात जा रहे युवकों की बाइक नहर में गिरी, निलंबित सैनिक डूबा
पीछे बैठे साथी ने रेलिंग पकडक़र बचाई जान, दिनभर जाल डालकर नहर में खेाज करती रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा/बाघराय/बिहार। बारात जा रहे युवकों की बाइक नहर में जा गिरी। इस दौरान बाइक चला रहा निलंबित सैनिक डूब गया। पीछे बैठा उसका साथी रेलिंग पकडने के कारण बच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गुरुवार को पूरे दिन गोताखोरों के माध्यम से खोज हुई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।
बाघराय थाना क्षेत्र के बिहार बाजार निवासी सानू धुरिया पुत्र शिव प्रसाद की शादी बुधवार को थी। उसकी शादी में शामिल होने के लिए उसका साथी मानिकपुर निवासी रूबल यादव (22) व जौनपुर के महराजगंज केवटली गांव निवासी राहुल विंद (25) पुत्र लालजी बिंद आए थे। सानू के साथ दोनों पूना में रहकर काम करते थे। राहुल विंद पहले सेना में था, लेकिन किसी कारण उसे निलंबित कर दिया गया था। इसका केस भी चल रहा है। बुधवार को सानू की शादी में शामिल होने के लिए दोनों आए थे। बारात में जाने वाली बस करीब साढ़े 10 बजे आई। इसके चलते बस भेजने के बाद दोनेां बाइक से हथिगवां के रामापुर जा रहे थे। रास्ते में लोदीपुर के पास पुल पर बाइक अनियंत्रित हो गई और टूटी रेलिंग से होते हुए नहर में जा गिरी। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठा रूबल यादव कूद गया और रेलिंग पकडक़र लटक गया। उधर राहुल बाइक सहित नहर में गिर गया। वह नहर में डूब गया। रूबल ने किसी ने तरह बाहर निकलकर अन्य लोगों सहित पुलिस को इसकी सूचना दी। देर रात पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी राहुल और उसकी बाइक का पता नहीं चला। इसके बाद सुबह गोताखोरों केा बुलाया गया और लोदीपुर से लेकर शकरदहा तक जाल डालकर खेाज होती रही। बावजूद इसके देर शाम तक उसका पता नहीं चला। पुलिस ने उसके गायब होने की सूचना परिजनों को दी है।