ग्राहकों को ठगने वाले दो कोटेदारों पर गिरी गाज
संडवा चंद्रिका (ब्यूरो)। उपभोक्ताओं को कम राशन और अधिक मूल्य वसूलने में दो कोटेदारों पर गाज गिरी है। संडवा चंद्रिका विकास खंड के संडवा चंद्रिका ग्राम पंचायत और बासूपुर ग्राम पंचायत का कोटा डीएम ने निलंबित कर दिया है। इधर कोठानेवढिया के कोटेदार रामबली यादव और लखराव के कोटेदार दानपाल यादव के जमानत राशि जब्त की गई है।
जिले के उपभोक्ताओं के हिस्से का राशन हजम करने और घटतौली करके ठगने वाले दो कोटेदारों पर गाज गिरी है। अब इन ग्राम पंचायतों में नई दुकानों का चयन होगा। राशनकार्ड धारकों की शिकायत उस समय सही पाई, जब अधिकारी जांच करने पहुंच गए। आपूर्ति निरीक्षक जेपी तिवारी ने बताया कि संडवा चंद्रिका विकास खंड के संडवा चंद्रिका ग्राम पंचायत के कोटेदार गोपी पासी और बासूपुर के कोटेदार जयलक्ष्मी शुक्ला की दुकान को निरस्त कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि लखराव के कोटेदार दानपाल यादव और कोठानेवढ़िया के कोटेदार रामबली यादव की जमानत राशि जब्त की गई है। उन्होंने बताया कि तीन और कोटेदारों की जांच चल रही है, रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।