जिले के 2,375 परिषदीय विद्यालयों में बृहस्पतिवार से अर्धवार्षिक परीक्षाओं की शुरुआत हुई। दो पालियों में हुई परीक्षा में कक्षा एक से आठ तक के करीब 1.98 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए।
परीक्षा से पूर्व जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रवक्ताओं ने प्रश्नपत्र तैयार कर बेसिक शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराया था। हालांकि बुधवार को सभी कक्षाओं के छात्रों की मौखिकी परीक्षा कराई गई थी। बृहस्पतिवार को पहली पाली में सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
कक्षा एक की मौखिक परीक्षा कराई गई। वहीं, कक्षा दो और तीन के विद्यार्थियों ने गणित विषय की परीक्षा दी। चार और पांच के विद्यार्थियों ने हिंदी विषय की परीक्षा दी। वहीं, छह और सात के विद्यार्थी विज्ञान विषय की परीक्षा में सम्मिलित हुए। दूसरी पाली में दोपहर 12.30 से 2.30 बजे तक छह, सात और आठ के परीक्षार्थियों ने उर्दू और संस्कृत विषय की परीक्षा दी।
बीएसए के साथ ही खंड शिक्षा अधिकारियों ने विद्यालयों का भ्रमण कर परीक्षा की निगरानी की। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 15 दिसंबर तक विद्यालयों में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।