चार मई को दस बजे शराब की दुकानों में लग जाएगा ताला
शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए हुई पहल
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। लोकसभा सामान्य निर्वाचन के स्वतंत्र, शांतिपूर्ण और निर्विघ्न निर्वाचन के संचालन एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए चार मई को शाम छह बजे शराब की दुकानों में ताला लग जाएगा। कुंडा बाबागंज विधानसभा क्षेत्र के सीमा आठ किमी परिधि में यह नियम लागू होगा।
डीएम मार्कण्डेय शाही ने बताया कि छह मई 2019 को मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व अर्थात चार मई से मतदान की समाप्ति शाम 6 बजे तक दुकानें बंद रहेंगी। कौशाम्बी लोकसभा क्षेत्र में सम्मिलित प्रतापगढ़ के विधानसभा क्षेत्र कुंडा एवं बाबागंज विधानसभा का संपूर्ण क्षेत्र तथा क्षेत्र की सीमा के बाहर 8 किमी परिधि में स्थित समस्त देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर, भांग, मॉडल शॉप पूर्णतया बंद रहेंगे।
प्रतापगढ़ संसदीय क्षेत्र में 12 मई को मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व अर्थात दिनांक 10 को शाम 6 बजे से मतदान समाप्ति तक जनपद प्रतापगढ़ लोकसभा क्षेत्र स्थित विधानसभा सदर, पट्टी, रानीगंज, विश्वनाथगंज, रामपुरखास के क्षेत्र में स्थित समस्त फुटकर व थोक देशी शराब/विदेशी मदिरा, बीयर, माडल शॉप की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। उन्होंने बताया कि निश्चित अवधि में शांति बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
चुनाव के पहले रहेगा सार्वजनिक अवकाश
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। जिले में दो चरणों में होने वाले चुनाव को देखते हुए डीएम मार्कण्डेय शाही ने जिलेभर के स्कूलों सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। पांचवें चरण में होने वाले चुनाव के लिए 4, 5 और छह मई को अवकाश रहेगा तो प्रतापगढ़ संसदीय सीट के लिए 10,11 और 12 मई को अवकाश रहेगा।
लोकसभा सामान्य निर्वाचन में जनपद प्रतापगढ़ में लोकसभा क्षेत्र कौशाम्बी का निर्वाचन दिनांक 06 मई और प्रतापगढ़ का निर्वाचन 12 मई को होगा। निर्वाचनों की महत्ता के दृष्टिगत परिवहन आदि की व्यवस्था ससमय सुनिश्चित किए जाने के लिए चार से छह मई और 10 से 12 मई तक सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है। डीएम ने जनपद में संचालित शासकीय, गैर शासकीय, मान्यता प्राप्त, सीबीएससी, आईसीएसई बोर्ड के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। डीएम ने कहा है कि मनमानी करने वाले प्रबंधकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तीन मई को मदरसों में होगा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विजय प्रताप यादव ने बताया कि तीन मई को जिले के मदरसों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि तीन मई को विकास भवन सभागार में पूर्वान्ह 11 बजे संगोष्ठी का आयोजन किया गया है।
मास्टर ट्रेनरो को दी गई विशेष जानकारी
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। ईवीएम और वीवीपैट में आने वाली सामान्य गड़बड़ी को ठीक करने का टिप्स बेल के इंजीनियरों ने मास्टर ट्रेनरों को दिया। बेल के इंजीनियरों ने बताया कि वीवीपैट को बेदह सावधानी से बूथ तक ले जाने को कहा। इंजीनियरों ने छोटी-मोटी कमियों को ठीक करने का टिप्स दिया। इसके डीएम मार्कण्डेय शाही ने कहा कि सकुशल चुनाव कराना मास्टर ट्रेनरों की निपुणता साबित होगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में मास्टर ट्रेनर और अधिकारी मौजूद रहे।
जज को दी गई भावभीनी विदाई
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)।एडीजे आरएन पांडेय के मंगलवार को सेवानिवृत्त हो गए। दीवानी परिसर में अधिवक्ताओं ने भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर प्रदीप पांडेय, राकेश कुमार सिंह, संतोष दुबे, ओम प्रकाश गिरि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
अहंकार विनाश का कारण: रासबिहारी महराज
प्रतापगढ (ब्यूरो)। शहर के सगरा स्थित रमाकांत द्विवेदी के आवास पर चल रही भागवत कथा के अंतिम दिन अयोध्या से पधारे भागवतकथाचार्य रासबिहारी महराज ने कहा है कि अहंकार विनाश का कारण होता है। अगर कोई व्यक्ति स्वयं पर नियंत्रण रखकर कोई कार्य करता है, तो वह अपने जीवन में सदा सफल होता है। उन्होने कहा कि कंश का विनाश अंहकार के कारण ही हुआ था। उसे इस बात एहसास हो गया था, कि कोई भी सामान्य व्यक्ति उसे नहीं मार सकता है। कार्यक्रम के संयोजक संजय द्विवेदी ने बताया कि एक मई को हवन और दो मई को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।