लेन-देन कर लें, पांच दिन बंद रहेंगे बैंक
तीन दिन की बंदी के बाद 24 को खुलेंगे, फिर दो दिन और लटकेगा ताला
दो दिन हड़ताल की बैंककर्मियों ने बना रखी है रणनीति
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। बैंक से जुड़े काम 20 दिसंबर तक निपटा लें, क्योंकि 21 दिसंबर से पांच दिनों के लिए बैंक बंद रहेंगे। जिससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। दो दिन बैंककर्मी भी हड़ताल पर रहेंगे।
यदि बैंक से जुड़ा आपका कोई जरूरी काम अधूरा है तो उन्हें जल्द से जल्द निपटा लें। दरअसल, सभी बैंक 21 दिसंबर से लेकर 26 दिसंबर तक बंद होंगे। 21 दिसंबर को बैंककर्मी हड़ताल पर रहेंगे, जिस कारण बैंक का कोई काम नहीं हो पाएगा। बैंक कर्मचारी केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। 22 दिसंबर को महीने का चौथा शनिवार है। इस दिन भी बैंक बंद रहेंगे। 23 दिसंबर को रविवार है। इस तरह बैंक तीन दिन लगातार बंद रहेंगे। तीन दिन तक बैंक बंद रहने के बाद 24 दिसंबर को खुलेंगे। इस दिन भी आप बैंक से जुड़े अपने काम को निपटा सकते हैं। हालांकि 25 दिसंबर को क्रिसमस होने के चलते बैंकों में फिर छुट्टी होगी। इस दिन भी आपका बैंकिंग से जुड़ा काम नहीं हो सकेगा। 26 दिसंबर को यूनाइटेड बैंक फोरम की हड़ताल है, उस दिन भी बैंक बंद रहेंगे। इस तरह से 21 से लेकर 26 दिसंबर के बीच पांच दिनों के लिए बैंक बंद रहेंगे। एसोसिएशन ने बैंक कर्मियों के वेतन में आठ फीसदी वृद्धि की मांग रखी थी, जिसे बैंकों ने मना कर दिया। इसी के खिलाफ बैंककर्मी 26 दिसंबर को हड़ताल कर रहे हैं। बैंक कर्मचारियों की मांग है कि उनकी सैलरी सातवें वेतनमान वाले स्तर पर की जाए। एलडीएम अनिल कुमार ने बताया कि सरकार से आंदोलन को लेकर वार्ता चल रही है। यदि मांगों को पूरा करने का आश्वासन नहीं मिलता तो बैंककर्मी दो दिनों के लिए हड़ताल पर रहेंगे।