अब कार्यालयों एवं आवासों में एक मीटर से होगी आपूर्ति
मीटर रीडरों को मिलेगी सहूलियत, बिजली चोरी पर लगेगा अंकुश
विभाग ने मुख्यालय स्थित कार्यालयों में शुरू किया अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। सरकारी कार्यालयों एवं सरकारी आवासों में विद्युत आपूर्ति के लिए विद्युत विभाग की ओर से नई पहल शुरू की गई है। अब सरकारी कार्यालयों एवं आवासों के कनेक्शन अलग-अलग नहीं होंगे। सभी के कनेक्शन एकीकृत किए जाएंगे। इसके लिए विभाग में एक ही मीटर लगाए जाएंगे। जिससे खपत का लेखाजोखा हो सके और बिजली चोरी पर अंकुश लग सके।
जिले में सरकारी विभाग के कार्यालयों का करोड़ों का बिजली बिल बकाया है। पुरानी आपूर्ति व्यवस्था के तामझाम से बिलिंग में भी काफी दिक्कत होती है। विभागीय कार्यालयों में अलग-अलग कनेक्शन हैं। इसके अलावा सरकारी आवासों में रहने वाले अफसरों एवं कर्मचारियों के कनेक्शन भी अलग-अलग हैं। इससे बिलिंग करने में मीटर रीडरों को काफी दिक्कत होती है। सरकारी आवासों एवं कार्यालयों में मीटर में छेड़छाड़ की खूब शिकायतें मिलती हैं। विभाग ने अब इस समस्या को दूर करने के लिए एकीकृत कनेक्शन की नई पहल शुरू की है। इसके तहत बिजली विभाग के अफसर अब सभी सरकारी कार्यालयों की बिजली व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। कार्यालय में कितने मीटर लगे हैं, उस विभाग से संबंधित अफसरों एवं कर्मचारियों के आवासों में बिजली आपूर्ति की क्या व्यवस्था है। इसकी जानकारी के बाद सभी कनेक्शनों को एकीकृत किय जाएगा। इसके बाद मेन कनेक्शन में मीटर लगाया जाएगा। विभाग का मनाना है कि कनेक्शन एकीकृत कर मीटर लगाने से रीडिंग का तामझाम समाप्त हो जाएगा। रीडरों को घर-घर, कार्यालय-कार्यालय चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। बिलिंग एकमुश्त होगी। जिससे विभाग को काफाी सहूलियत मिलेगी। अधिशासी अभियंता रामस्नेही ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक विभागों में एकीकृत कनेक्शन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। जल्द ही विभागों में भी कनेक्शन एकीकृत कर लिया जाएगा।