तब्लीगी जमात के साथ ही उनके संपर्क में आने वाले 18 और लोगों की जांच कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल लखनऊ भेजा है। अब तक कुल 52 लोगों की जांच के लिए सैंपल भेजा जा चुका है। सोमवार को भेजे गए लोगों की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के डेरवा बाजार में 20 मार्च को महाराष्ट्र के भिवंडी से तब्लीगी जमात के सदस्य पहुंचे थे। सभी मुसाफिरखाना में रुके थे। मोहल्ले के लोगों की जानकारी के बाद पहुंचे चौकी प्रभारी डेरवा छानबीन कर सभी की थर्मल स्क्रीनिंग जांच कराई। इसके बाद सभी को डेरवा विद्यालय में रखकर क्वारंटीन कर दिया। तब्लीगी जमात में भिवंडी से 11 व मऊआइमा और डेरवा से एक-एक सदस्य शामिल थे। प्रदेश में बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी 13 लोगों के नाक व गले का बलगम का सैंपल लिया।
इस दौरान पुलिस मौजूद रही। इसके अलावा पांच अन्य लोगों का भी सैंपल जांच के लिए एसपीजीआई भेजा गया। सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार को भेजी गई जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। अब तक कुल 52 लोगों का कोरोना टेस्ट कराने के लिए भेजा जा चुका है।