प्रतापगढ़। बिजली विभाग के अधिकारियों के लाख प्रयास के बाद भी कनेक्शन का टारगेट पूरा नहीं हो पा रहा है। हाउस होल्ड सर्वे के आंकड़ों पर गौर करें तो जिले में दो लाख से अधिक घर ऐसे हैं, जिन्होंने अभी भी बिजली कनेक्शन नहीं लिया है। इसमें कटियामारों की बड़ी फौज है। विभाग अब ऐसे लोगोें को सौभाग्य रथ के माध्यम से नैतिकता का पाठ पढ़ाएगा। उन्हें बिजली कनेक्शन लेने के लिए तैयार किया जाएगा। विभाग के मुताबिक एक रथ जिले में आ भी चुका है, जो भ्रमण पर है। संभावना है कि रथों की संख्या बढ़ेगी।
जिले में चार विद्युत वितरण पारेषण खंड है। लालगंज, सदर, कुंडा व रानीगंज। चारों पारेषण खंड के तहत करीब 6 लाख विद्युत उपभोक्ता हैं। शासन की ओर से हर घर को बिजली से रोशन करने के लिए सौभाग्य योजना की शुरुआत की गई है। इसके तहत पूरे जिले को बिजली से रोशन करना है। योजना के तहत बिजली कनेक्शन नि:शुल्क दिया जा रहा है। जगह-जगह कैंप लगाए जा रहे हैं। मगर इसके बाद भी कनेक्शन वितरण का लक्ष्य पूरा नहीं हो सक ा है। सौभाग्य रथ अभी तक बिजली कनेक्शन न लेने वालों को संदेश देगा। इसके अलावा विद्युत विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताएगा। एक्सईएन रामस्नेही ने बताया कि जिले मेें एक रथ आ चुका है।