जिले के परिषदीय स्कूलों में अधिकाधिक बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए एक बार फिर स्कूल चलो अभियान चलाया जाएगा। 31 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा। ड्रॉप आउट बच्चों को खोजने के लिए घर-घर अभियान चलाने की योजना है।
बेसिक शिक्षा विभाग में अप्रैल और मई माह में स्कूल चलो अभियान रैली निकाल कर बच्चों का जो दाखिला स्कूलों में कराया गया, उससे विभागीय अधिकारी संतुष्ट नहीं हैं। इसलिए एक बार फिर जिलेभर में स्कूल चलो अभियान रैली का आयोजन होगा। बीएसए ने 17 विकास खंडों के खंड शिक्षा अधिकारियों से गांव-गांव स्कूल चलो अभियान की रैली निकालने और उस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को बुलाने का आह्वान किया है। उन्होंने ड्रॉप आउट बच्चों को खोजने के लिए घर-घर अभियान चलाने को कहा है। उन्होंने कहा कि जब तक गांव के प्रत्येक बच्चों की स्कूल में उपस्थिति नहीं हो जाती है, तब तक यह अभियान जारी रहेगा। जिला प्रशासन का मानना है कि बगैर मान्यता चलने वाले स्कूलों पर नकेल कसने के बाद प्राइमरी स्कूलों में बच्चों की संख्या में इजाफा हो सकता है।