प्रतापगढ़। डीएम शंभु कुमार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का प्रचार-प्रसार गांव में मुनादी कराकर करने के लिए कहा है। डीएम ने बीडीओ और एडीओ पंचायत से राजस्व गांवों के किसानों का डाटा एकत्रित कर तहसीलों को मुहैया कराने को कहा है। उन्होंने बताया कि 31 मार्च तक किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये दिए जाएंगे।
सोमवार को कैंप कार्यालय पर हुई बैठक में डीएम ने कहा कि दो हेक्टेअर से कम भूमि वाले लघु एवं सीमांत किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिवर्ष 6000 रुपये डीबीटी के माध्यम से दिए जाएंगे। यह धनराशि 4-4 महीने के अंतराल में 2-2 हजार रुपये दी जाएगी। एक दिसंबर से लागू योजना में पात्रों को 31 मार्च 2019 तक पहली किश्त का भुगतान किया जाना है। उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए लघु एवं सीमांत कृषक परिवारों के नाम, पता, बैंक खाता नंबर, आधार नंबर, जिन कृषकों के पास आधार नंबर उपलब्ध न हो उनका आधार एनरोलमेंट नंबर, मोबाइल नंबर एकत्रित कर लें। उन्होंने कहा कि यदि पति-पत्नी या उनके नाबालिग बच्चे तीनों के नाम पर पृथक-पृथक भूमि उपलब्ध हो, तो उन्हें जोड़ते हुए एक इकाई माना जाएगा। यानि तीनों में से किसी एक को ही लाभार्थी के रूप में सूची में रखा जाएगा। डीएम ने खंड विकास अधिकारी एवं एडीओ पंचायत को राजस्व ग्रामों के किसानों का डाटा एकत्रित करने को कहा है। बैठक में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।