बारिश में फिर डूबेगा शहर
गंदगी से भरे पड़े हैं शहर के नाले, हाईवे की सीवरेज पाइप लाइन भी चोक
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। हर बार की तरह इस बार भी फिर बारिश में शहर डूबेगा। भले ही नाले व नालियों की सफाई का दावा किया जा रहा हो, लेकिन शहर के अधिकांश नाले व नालियां गंदगी से भरे हैं। शहर में जगह-जगह नगर पालिका ने नालियां अधूरी छोड़ दी हैं। जिससे बारशि का पानी नहीं निकल पाएगा। नगर पालिका कुछ नालियों की सफाई जरूर करा रही है, लेकिन इससे बारिश का पानी निकल पाना मुश्किल है।
जून के आखिरी सप्ताह में मानसून के दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है। कुछ देर की बरसात शहरियों के लिए राहत कम मुसीबत अधिक बन जाती है। जून माह आधा बीत चुका है। फिर भी शहर के नाले व नालियों की सफाई नहीं हो सकी। नाला व नालियों में सिल्ट भरी पड़ी है। सिल्ट निकालने के लिए इस बार नगर पालिका द्वारा नाला मशीन का प्रयोग किया जा रहा है। जिससे अभी तक शहर के कुछ हिस्से के नाले ही साफ हो सके हैं। बाबागंज से लेकर चौक घंटाघर के आगे तक बनी सीवरेज पाइप लाइन भी चोक है। जिसकी सफाई अभी तक नहीं हो सकी। अभी भी टक्करगंज, पल्टन बाजार, भैरोपुर, धर्मशाला वार्ड सिप्तैन रोड, बलीपुर, विवेक नगर, पश्चिमी सहोदरपुर, पूर्वी सहोदरपुर, अजीत नगर, बेगमवार्ड, अस्पताल वार्ड, दहिलामऊ दक्षिणी समेत कई मोहल्लों में नालों की सफाई नहीं हो सकी है। ऐसे में बरसात हुई तो फिर एक बार शहरियों के घरों में पानी घुसेगा। बरसात का पानी लोगों के लिए राहत कम मुसीबत अधिक बन सकता है।
इनसेट------
गर्मी में भी पल्टन बाजार में है समस्या
गर्मी के दिनों में भी शहर के कई मोहल्लों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। पल्टन बाजार में सिनेमा रोड वाली गली में तो सबसे अधिक मुसीबत लोगों को झेलनी पड़ रही है। अजीत नगर में भी नालियों में गंदगी भरी होने के कारण सड़कों पर पानी फैला हुआ है। धर्मशाला वार्ड, सिप्तैन रोड में भी लोगों के घरों की दहलीज तक नाले का पानी पहुंच रहा है। ऐसे में बरसात में भारी मुसीबत खड़ी हो सकती है।
इनसेट-----
बरसात में इन इलाकों में अधिक होती है समस्या
बरसात के समय शहर के कुछ मोहल्लों में पैदल तो छोड़िए वाहन से निकलना दूभर हो जाता है। सबसे अधिक समस्या पल्टन बाजार, टक्करगंज, विवेकनगर, तहसील वार्ड, पश्चिमी सहोदरपुर वार्ड, धर्मशाला वार्ड, भैरोपुर, अजीत नगर व सदर बाजार में रहने वाले लोगों को होती है। यहां बरसात के दिनों में लोगों के घरों में गंदा पानी घुस जाता है।
इनसेट------
हाईवे के किनारे का नाला कूड़ाघर में बदला
प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर भंगवाचुंगी से आगे बढ़ते ही नाला कूड़ाघर में तब्दील हो चुका है। पूरे पितई व देवकली मोड़ तक नाले का अस्तित्व तो दिखाई देता है, लेकिन सफाई न होने व जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने की वजह से जलनिकासी की समस्या बनी रहती है। नाले को दुकानदारों ने पूरी तरह कूड़े से पाट दिया है। इससे बरसात के दिनों में पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। सबसे अधिक समस्या शिवजीपुरम, करनपुर करमचंदा और सियाराम कालोनी के लोगों को उठानी पड़ती है।
वर्जन-----
लोकसभा चुनाव के चलते नाला सफाई का काम समय से प्रारंभ नहीं हो सका। अब सुबह-शाम नाला व नालियों की सफाई कराई जा रही है। फिलहाल कोशिश रहेगी कि बरसात में जलभराव की समस्या न बने।
मुदित सिंह, ईओ, नगर पालिका
रात भर पकड़ रहे सांड, फिर भी कम नहीं हो ईही संख्या
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। नगर पालिका की टीम रात भर शहर में आवारा मवेशियों को पकड़ने के लिए पसीना बहा रही है। इसके बाद भी मवेशियों की संख्या कम नहीं हो रही है। शहर में आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए आरआई लालबहादुर को लगाया गया है। शुक्रवार की रात मवेशियों की धरपकड़ के लिए पशुपालन विभाग की टीम के साथ ही नगर पालिका के कर्मचारी लगे रहे। रात में तहसील सदर में आवारा पशुओं को पकड़कर वाहनों में लादा गया। हालांकि वाहनों से उतरकर पशु फिर भाग लेते। जिसे लेकर नगर पालिका के कर्मचारी भागदौड़ करते रहे।
करनपुर में सड़क व नाली निर्माण में मनमानी
प्रतापगढ़। करनपुर मोहल्ले में नाली व इंटरलाकिंग निर्माण कार्य में मनमानी का आरोप सभासद विनय सिंह भोला ने लगाया है। उनका आरोप है कि सड़क व नाली निर्माण कार्य समय से पूरा नहीं किया गया। निर्माण कार्य में अनियमितता बरती गई। अधूरे कार्य पर भी पालिका ने भुगतान ठेकेदार के पक्ष में किया है। इसे लेकर उन्होंने शिकायती पत्र प्रमुख सचिव नगर विकास व मंडलायुक्त को भेजने के साथ ही अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को दिया है।
सड़क निर्माण में विलंब होने पर ठेकेदार को चेतावनी
प्रतापगढ़। पल्टन बाजार-सुमित्रापुरी मार्ग के निर्माण में विलंब होने पर ठेकेदार को ईओ नगर पालिका मुदित सिंह ने चेतावनी दी है। पल्टन बाजार में सड़क निर्माण में विलंब होने के कारण लोगों का चलना दुश्वार है। काफी दिनों से ठेकेदार को सड़क निर्माण के लिए पत्र भेजा जाता रहा। मोहल्ले के लोगों की शिकायत पर ईओ ने ठेकेदार की क्लास लगाई। कहा कि जल्द से जल्द नाली के साथ सड़क का निर्माण भी प्रारंभ किया जाए।