डीएम कैंप कार्यालय से दो लिपिकों का तबादला
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। सदर तहसील में 16 मई को अधिवक्ताओं के साथ मारपीट करने के आरोपी एसडीएम सदर के रीडर बशिष्ठ कुमार सिंह की डीएम के कैंप कार्यालय में ताजपोशी की गई है। जबकि डीएम के स्टेनो रहे आशु लिपिक मनीष कुमार साहू को एसडीएम सदर का स्टेनो बनाया गया है।
मंगलवार को डीएम मार्कण्डेय शाही ने कैंप कार्यालय में तैनात दो कर्मचारियों का तबादला कर दिया। सदर तहसील में तैनात रहे और अधिवक्ताओं से मारपीट के आरोपी बशिष्ठ कुमार सिंह अब डीएम कैंप कार्यालय में तैनात होंगे। जबकि डीएम के स्टेनो रहे मनीष साहू को एसडीएम सदर का स्टेनो बनाया गया है। डीएम ने कैंप कार्यालय में तैनात रहे मो. नासिर को हटाकर तहसील सदर में एमजे बनाया है, जबकि सदर तहसील में तैनात रहे अवध बिहारी पांडेय को नासिर के स्थान पर तैनाती दी गई है। पट्टी में तैनात रहे रमेश कुमार को एसडीएम सदर के कार्यालय में तैनात किया गया है, जबकि देशदीपक सरोज को मृतक आश्रित के रूप में पहली बार पट्टी तहसील में रमेश कुमार के स्थान पर तैनाती दी गई है।
मासूम बच्ची के हत्यारों को मिले फांसी की सजा
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद कुमार पांडेय ने अलीगढ़ और हमीरपुर में मासूम बच्ची के साथ बलात्कार और हत्या की घटनाओं का अंजाम देने वाले आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर एक दिवसीय अनशन किया। कचहरी में बैठे अनशन में शाम को पहुंचे नायब तहसीलदार को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर उदयभान सिंह, मनीष सिंह, शम्स तबरेज, सरोज कुमार सिंह मौजूद रहे।
दो सचिव और एडीओ पंचायत को नोटिस
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। शिवगढ़ विकास खंड में शौचालयों के निर्माण की प्रगति धीमी रहने पर डीपीआरओ उमाकांत पांडेय ने सचिव श्रीप्रकाश, शमसुलहुदा को नोटिस थमाते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। जबकि एडीओ पंचायत इंद्र प्रताप सिंह से तीन दिन में जवाब तलब किया है। मंगलवार को उन्होंने ब्लाक पहुंचकर शौचालय निर्माण की समीक्षा की। इधर, एडीओ पंचायत सदर ने कुशफरा गांव में तैनात सफाई कर्मचारी सतीश सिंह के गायब रहने पर नोटिस जारी किया है।