अलीगढ़ में मासूम के साथ हुई हैवानियत के विरोध में सौंपा ज्ञापन
आरोपियों को मौत की सजा की हुई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। अलीगढ़ के टप्पल में मासूम बच्ची के साथ हुई हैवानियत के बाद हत्या के विरोध में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इसमें आरोपियों को मौत की सजा की मांग की गई है।
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद की कुंडा इकाई के कार्यकर्ता भारी संख्या में तहसील पहुंचे। इस दौरान अलीगढ़ के टप्पल हुई मासूम के साथ हैवानियत और हत्या के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम विजय पाल को सौंपा। ज्ञापन में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के बारे में जानकारी देते हुए मासूम की हत्या के आरोपियों को फांसी देने की मांग की गई। इस दौरान जमुना प्रसाद मौर्य, राम प्रकाश, अनूप पांडेय, अतुल सिंह, सौरभ मोदनवाल, राष्ट्रीय बजरंग दल के नरेन्द्र शास्त्री समेत सैकड़ों लोग रहे।
संदिग्ध दशा में आग लगने से रिहायशी छप्पर जला
कुंडा (ब्यूरो)। हथिगवां के दलापुर गांव निवासी शिवशंकर यादव के रिहायशी छप्पर में सोमवार की रात में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इससे उसकी पूरी गृहस्थी जल गई। रात में आग की लपटें उठती देख परिजनों ने शोर मचाया। इस पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया।
ओवरलोड मोरंग लदे दो ट्रैक्टर सीज
कुंडा(ब्यूरो)। कौशांबी से ओवरलोड मोरंग लादकर आ रहे दो ट्रैक्टरों को एसडीएम व एसओ ने सीज कर दिया। मंगलवार की सुबह एसडीएम कुंडा विजय पाल सिंह व एसओ दीपक कुमार ने नौबस्ता के गंगा पुल पर चेकिंग लगा रखी थी। इस दौरान कौशांबी से आ रहे दो मोरंग लदे ट्रैक्टर को रोक लिया गया। एसडीएम के आदेश पर दोनो ट्रैक्टरों को सीज कर दिया गया। इससे ड्राइवरों में हड़कंप मच गया।
मानव से धर्म से विमुख होते ही सामने खुल जाता है नर्क का द्वार
बाघराय के खरगापुर में चल रही श्रीमदभागवत कथा
अमर उजाला ब्यूरो
बाघराय। मानव धर्म से विमुख होते ही सामने नर्क का द्वार खुल जाता है। वैभव की चमक के कारण मानव को इसका भान नहीं हो पाता है। यह बातें खरगापुर शिवमंदिर पर चल रही श्रीमद्भागवत के दौरान आचार्य देवव्रत ने कहीं। उन्होंने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के सुनने से ही राजा परीक्षित को मोक्ष प्राप्त हुआ था। वह भी मानव धर्म से विमुख हो गए थे। जब उन्हें इसका भान हुआ तो उन्होंने इसका पश्चाताप किया। आचार्य ने मानव को सनातन धर्म का बोध कराते हुए कहा कि मानव धर्म से विमुख होना अच्छी बात नहीं है। सनातन धर्म की रक्षा करने से ही समाज खुशहाल रहेगा। ऐसे धार्मिक आयोजनों के होने से क्षेत्र में जहां शांति और खुशहाली आएगी वहीं समाज से गंदगी दूर हटेगी। आचार्य ने श्रीमद्भागवत कथा के महात्म पर व्यापक रूप से प्रकाश डाला। कथा में भगवान श्री कृष्ण के जन्म की सुंदर कथा सुना कर श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। आचार्य देवव्रत ने श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारे हे नाथ नारायण वासुदेवा का संकीर्तन करा कर कथा को विश्राम दिया। इस मौके पर पूर्व प्रधान गिरजाशंकर यादव, उमाशंकर यादव, उपेन्द्र, छात्रनेता धीरज यादव, हरिकेश यादव, दर्शन सिंह, श्यामसूरत यादव, रजत दुबे, संतोष, पंकज, राकेश, संतोष वैश्य आदि मौजूद रहे।
विवाहिता के भाई ने दी ससुर सहित चार लोगेां के खिलाफ प्रताड़ना की तहरीर
कुंडा (ब्यूरो)। घरेलू कलह से परेशान विवाहिता ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी थी। इस मामले में उसके भाई ने ससुर, देवर, देवरानी और भतीजे के खिलाफ तहरीर दी है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के सहिजनी ग्राम सभा में रामकृष्ण तिवारी के यहां पिछले 15 दिनों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हो रहा था। इसमें उनके पुत्र अखिलेश तिवारी की पत्नी सिया तिवारी (45) ने गुस्से में अपना आपा खो दिया। इसके बाद वह मानिकपुर स्टेशन के पूर्वी आउटर के समीप ट्रेन से कटकर जान दे दी थी। इस मामले में केशवपुर निवासी उसके भाई संतोष मिश्रा ने ससुर, देवर, देवरानी और भतीजे के खिलाफ प्रताड़ित करने की तहरीर दी है। उसका कहना है कि इनकी प्रताड़ना से तंग आकर ही उसकी बहन आत्महत्या करने को मजबूर हुई।
जमीन पर दबंग कर रहे कब्जा
कुंडा(ब्यूरो)। मानिकपुर थाना क्षेत्र के काक्षी पट्टी निवासी कल्लू पुत्र नंदू ने थाने में तहरीर देकर कहा है कि उसकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ दबंगों ने उसकी बाउंड्रीवाल गिरा दी। इसके बाद जेसीबी से अनार, बबूल सहित दर्जनों पेड़ काटकर गिरा दिए। इसके बाद जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। उसने पुलिस ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
युवक को लोगों ने मारपीटकर फेंका
कुंडा(ब्यूरो)। हथिगवां थाना क्षेत्र के देवीगढ़ बेती निवासी भाईलाल पटेल को कुछ लोगों ने जमकर पीट दिया था। इसके साथ ही उसे बांधकर गांव के किनारे फेंक दिया था। जानकारी होने पर परिजन उसे घर लाए थे। इसके बाद उसे कुंडा सीएचसी में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने के कारण उसे एसआरएन के लिए रेफर कर दिया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि वह शराब पीकर गिर गया था। इससे उसे चोट आई।