जिले के 26,490 छात्र-छात्राओं को नहीं मिलेगी ड्रेस
सहायता प्राप्त स्कूलों के बच्चे पहली बार योजना से होंगे वंचित
मदरसा और संस्कृत स्कूलों के बच्चे रह गए ताकते
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिले के 26,490 छात्र-छात्राओं को इस वर्ष ड्रेस नहीं मिलेगी। जिले के सहायता प्राप्त कॉलेजों में पढ़ने वाले इन बच्चों को योजना की दौड़ से बाहर कर दिया गया है। शासन पहले तो योजना का विस्तार करके मदरसा और संस्कृत स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को ड्रेस मुहैया कराने की योजना बना रही थी। मगर ऐन वक्त में सिर्फ सरकारी स्कूलों को शामिल करके सहायता प्राप्त स्कूलों के उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
बेसिक शिक्षा विभाग के कक्षा एक से आठ तक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में कक्षा छह से आठ तक पढ़ने वाले बच्चों को नि:शुल्क यूनीफार्म मुहैया कराने के लिए स्कूलों को 15 जुलाई तक का समय दिया है। मगर शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना से सहायता प्राप्त कॉलेजों में कक्षा छह से आठ तक पढ़ाई करने वाले 26,490 छात्र-छात्राओं को योजना से बाहर कर दिया गया है। शासन ने पहली बार इस तरह का फैसला लिया है। दरअसल, सहायता प्राप्त कॉलेज पूरी तरह सरकार के नियमों के अनुरूप ही शिक्षा देते हैं। शासन के निर्देश पर ही इन कॉलेजों से बच्चों की यह संख्या जुटाई गई थी। हालांकि विभागीय अधिकारी इस वर्ष मदरसा और संस्कृत स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को भी ड्रेस मुहैया कराने का दावा कर रहे थे। मगर ऐसा नहीं हो सका। इधर, शासन ने धनराशि जारी कर स्कूलों से बच्चों की नाप लेकर 15 जुलाई तक ड्रेस सिलवाने को कहा है। बीएसए अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जो धनराशि आई है, उसे स्कूलों के हेडमास्टरों के खाते में भेजा जा रहा है। उनसे 15 जुलाई तक हर हाल में ड्रेस वितरित करने को कहा गया है।
आज शनिदेव धाम 2100 दीपों से होगा रोशन
प्रतापगढ़। गंगा दशहरा के पूर्व संध्या पर मंगलवार की शाम शनिदेवधाम स्थित बकुलाही नदी तट को 2100 दीपों से रोशन किया जाएगा। परशुराम सेना के अध्यक्ष प्रदीप कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रतिवर्ष गंगा दशहरा की पूर्व संध्या पर होने वाला दीपदान कार्यक्रम प्रतिवर्ष होता है। सोमवार को शिवजीपुरम स्थित कार्यालय में हुई बैठक में इसका निर्णय लिया गया। इस मौके पर अनिल पांडेय, देवेश तिवारी, राजीव मिश्रा, मनीष दूबे, शैलेश मिश्र, सौरभ मिश्रा, रत्नेश शुक्ल, ओमप्रकाश तिवारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
अंतू पुलिस आरोपियों की नहीं कर रही गिरफ्तारी
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। प्राणघातक हमले के आरोपियों को अंतू पुलिस शरण दिए हुए हैं। ढाई माह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अंतू इलाके के हनुमान पांडेय का पुरवा निवासी शुभम पुत्र राकेश तिवारी ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 26 मार्च को शुभम को गोली मारकर घायल कर दिया था। जिसमें कामतानाथ, तामेश्वरनाथ, हरिनारायण, श्यामशंकर के खिलाफ हत्या का प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि ढाई माह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जा रही है।