अंडर ग्राउंड केबिल बिछाने के लिए होगी शहर की मैपिंग
शहर में तारों के मकडजाल से जल्द मिलेगी निजात, डीएम ने जमीन चिह्नित करने का दिया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। शहरियों को विद्युत तारों के मकडजाल से निजात मिलेगी। अंडर ग्राउंड केबिल बिछाने का कार्य जल्द ही शुरू होगा। इसके लिए शहर की मैपिंग की जाएगी। डीएम ने जमीन चिंह्नित करने का निर्देश दिया है।
शहर में पांच उपकेंद्रों से विद्युत आपूर्ति की जाती है। बाबागंज, दहिलामऊ, रूपापुर, कादीपुर व चिलबिला। शहर में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति का निर्देश दिया गया है। मगर अव्यवस्था के चलते शहरियों को रोस्टर का लाभ नहीं मिल पाता है। सबसे ज्यादा दिक्कत शहर में तारों के मकडजाल से है। वह चाहे मुहल्ले हो या फिर शहर के भीड़भाड़ वाले बाजार। जगह-जगह तारों का मकडजाल है। तार लटक रहे हैं। इससे शार्ट सर्किट होने के साथ ही आग लगने का डर बना रहता है। निर्बाध विद्युत आपूर्ति में भी बाधा आती है। सालभर पहले विभाग की ओर से अंडरग्राउंड केबिल बिछाने की योजना बनाई गई थी। मगर कार्य कागजी कोरम तक ही लटक गया था। विभागीय अधिकारियों ने कोई कवायद नहीं की। अब कार्य शुरू होने की संभावना है। अंडर ग्राउंड केबिल के लिए जल्द ही शहर की मैपिंग होगी। जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने इसे संज्ञान में लिया है। उन्होंने जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया है। इसकी जिम्मेदारी उपजिलाधिकारी को दी गई है।
इनसेट---------------------
एलटी व एचटी दोनों लाइनें होंगी अंडर ग्राउंड
शहर में एचटी व एलटी दोनों ही लाइनें अंडर ग्राउंड होगी। एसडीओ बाबागंज अजीत यादव ने बताया कि इससे शहर पोल नहीं दिखेंगे। दोनों लाइनें अंडरग्राउंड होने से आपूत व्यवस्था बेहतर होगी।