लोगों को बंधक बनाकर दो घर खंगाल ले गए चोर
अमर उजाला ब्यूरो
रानीगंज। घरवालों को बंधक बनाकर एक ही रात दो घरों को चोरों ने खंगाल दिया। चोरों के जाने के बाद लोगों ने पड़ोसियों को बुलाकर दरवाजा खुलवाया। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है।
थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी रविशंकर शुक्ल मंगलवार की रात खाना खाने के बाद कमरे में परिवार के साथ सो रहे थे। रात में चोर छत के रास्ते घर में घुस गए। जिस कमरे में लोग सो रहे थे उसका दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद आलमारी तोडक़र एक सोने का हार, मंगलसूत्र, अंगूठी, 500 ग्राम चांदी के आभूषण सहित 6500 नगदी लेकर चले गए। पड़ोस के पंकज शुक्ला के घर से भी 8600 सौ नगदी व मोबाइल ले गए। सुबह रविशंकर उठे तो दरवाजा बाहर से बंद था। पड़ोस में फोन करके दरवाजे की कुंडी खुलवाई। घर के अंदर जा कर देखा तो कमरों के दरवाजे खुले पड़े थे। आलमारी खुली थी और सामान गायब थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।