तीन महीने बाद फिर शुरू हुआ संपूर्ण समाधान दिवस
रानीगंज में हुआ जिला स्तरीय अधिकारियों का जमावड़ा
विकास की 35 और पुलिस विभाग की आई 25 शिकायतें
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिले में तीन माह बाद एक बार फिर आदर्श आचार संहिता समाप्त होते ही तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवसों का आयोजन प्रारंभ हो गया है। मंगलवार को पहले संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम मार्कण्डेय शाही और एसपी एस आनंद ने फरियादियों से बात कर उनकी समस्या का जल्द निस्तारण करने का आश्वासन दिया है। 141 समस्याओं में अफसर छह शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण होने का दावा कर रहे हैं।
मंगलवार को रानीगंज तहसील में डीएम, एसपी और अन्य तहसीलों में एसडीएम और सीओ की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में जनता की समस्याओं को सुना। रानीगंज तहसील में डीएम और एसपी के समक्ष 114 शिकायतें आई, जबकि छह शिकायतों के निस्तारण का दावा किया जा रहा है। तौकलपुर गांव के नसीमुद्दीन ने शिकायत की है कि कोटेदार और पूर्ति निरीक्षक की मिलीभगत के चलते बगैर सत्यापन के ही 300 राशनकार्ड जारी कर दिए गए। शाहपुर निवासी लल्लूराम पटेल का आरोप था कि पड़ोसी ने जबरन चकमार्ग पर अवैध कब्जा कर लिया है। डीएम ने लेखपाल को बुलाकर अविलंब चकमार्ग खाली कराने को कहा है। डीएम ने अधिकारियों को सावधान किया है कि वह शिकायतों का गंभीरता से जांच कराने और ग्राम समाज, चकमार्ग की जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों को मुक्त कराने को कहा है। इस मौके पर डीडीओ सुदामा प्रसाद, डीएफओ वीआर अहिरवार, एसडीएम सहित बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद रहे।