लक्ष्मणपुर बीआरसी केन्द्र में जमीन पर बैठ प्रशिक्षण लेती शिक्षिकाएं निरीक्षण को पहुंचे डायट प्?
- फोटो : PRATAPGARH
बेसिक शिक्षा विभाग के निष्ठा प्रशिक्षण की पोल उपशिक्षा निदेशक मो. इब्राहिम ने खोल दी। बिहार बीआसी पर 150 अध्यापकों का नाम पंजीकृत था, जबकि मौके पर सिर्फ 25 अध्यापक मिले। लक्ष्मणपुर बीआरसी पर शिक्षकों को बैठने के लिए कुर्सी तक की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे शिक्षक जमीन पर बैठकर प्रशिक्षण ले रहे हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग के 17 विकास खंडों में इन दिनों निष्ठा की ट्रेनिंग हो रही है। विभाग ने सभी ब्लाकों को पांच-पांच लाख रुपये का बजट देकर शिक्षकों को गुणवत्तायुक्त प्रशिक्षण देने को कहा था, मगर खंड शिक्षा अधिकारी जेब भरने के चक्कर में शिक्षकों को सुविधाएं मुहैया नहीं करा रहे हैं।
लक्ष्मणपुर बीआरसी पर शिक्षक जमीन पर बैठकर प्रशिक्षण ले रहे हैं, तो बिहार बीआरसी में 150 शिक्षकों के स्थान पर मात्र 25 ट्रेनिंग ले रहे हैं। सदर बीआरसी की स्थिति और खराब मिली। बुधवार की दोपहर डायट प्राचार्य जब बीआरसी पहुंचे, तो महज 27 अध्यापिकाएं और अध्यापक ही मिले।
बाबागंज विकास खंड में केआरपी सुशील तिवारी और फरीदउद्दीन गायब मिले। उपशिक्षा निदेशक मो. इब्राहिम ने बताया कि प्रशिक्षण में लापरवाही बरतने वाले खंड शिक्षा अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।