‘तितली’ ने छह डिग्री लुढक़ाया तापमान
आंध्रप्रदेश और उड़ीसा में आए तूफान से अचानक बढ़ गई ठंड
धूप में तल्खी नहीं, रात में ठंड का अहसास
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। उड़ीसा और आंध्र प्रदेश में आए तितली तूफान से तापमान में तेजी से गिरावट आई है। बीते दो दिनों से धूप की तल्खी भी कम हो गई है। अधिकतम तापमान छह डिग्री लुढक़ गया है। रात में ठंड का असर शुरू हो गया है। मौसम विभाग की मानें तो तूफान का असर कम होने पर मौसम फिर करवट बदलेगा।
अक्तूबर माह में लोग कड़ाके की धूप से परेशान थे। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। उमसभरी गर्मीं से लोगों का बुरा हाल हो रहा था। मौसम विभाग द्वारा बताया जा रहा था कि बारिश के बाद ठंड दस्तक देगी। मगर बीते तीन दिनों से आंध्र प्रदेश व बंगाल की खाड़ी मे तितली तूफान के कहर सेे एकाएक मौसम में बड़ा बदलाव आ गया है। तेज हवाओं के साथ आसमान में छाए बादलों ने दस्तक दे दी। इससे तल्ख मौसम का मिजाज बदल गया। आलम यह है कि अब न तो पहले जैसी धूप है और न ही गर्मी। रात में ठंड का एहसास हो रहा है। सोते समय लोगों को कंबल और चादर की जरूरत पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार तीन दिन पहले 36 डिग्री सेल्सियस तापमान था, जो लुढक़र अब 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुुंच गया है। न्यूनतम तापमान भी गिरावट आई है। शहर से लेकर गांव तक लोग बदले मौसम को देखते हुए एहतियात बरत रहे है। मौसम वैज्ञानिक देशराज मीना ने बताया कि यह ठंड की दस्तक नहीं है। अभी मौसम परिवर्तित होगा।