गांव की बहू के भोपाल में विधायक चुने जाने पर ओरीपुर नौगीर गांव के लोग खुश नजर आए। सांगीपुर ब्लाक के ओरीपुर नौगीर गांव के मूल निवासी और एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर की बहू कृष्णा गौर को भोपाल की गोविंदपुरा सीट से भाजपा प्रत्याशी बनाया गया था।
कृष्णा गौर के खिलाफ कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी गिरीश शर्मा को बनाया था। मंगलवार को देर रात जब गोविंदपुरा सीट की मतगणना का परिणाम आया और गांव की बहू कृष्णा गौर की जीत की जानकारी मिली तो ग्रामीण खुशी से झूम उठे। भोपाल की महापौर रह चुकीं कृष्णा गौर एमपी में भजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी के अलावा भाजपा प्रदेश मंत्री के रूप में भी अपनी कार्यक्षमता दिखा चुकी हैं। तभी बाबूलाल गौर की परंपरागत सीट से इस बार कृष्णा गौर को प्रत्याशी बनाया गया था।
बुधवार को कृष्णा गौर के पैतृक घर ओरीपुर नौगीर में उनकी चचेरी सास किरन, फूलकली, सुशीला, मनोज कुमारी, अर्पण, अनिल समेत कई अन्य लोगों ने जीत पर हर्ष जताया। बताते चलें कि मुख्यमंत्री रहते बाबूलाल गौर के साथ ओरीपुर नौगीर आईं कृष्णा गौर ने परिवार व आसपास के लोगों से मिलकर अपनापन जताया था। परिजनों का कहना है कि अक्सर कृष्णा ओरीपुर नौगीर स्थित अपनी ससुराल आती हैं।