कार की टक्कर से रिटायर्ड शिक्षक की मौत
कार छोड़कर भाग निकला चालक, घर में मचा कोहराम
हेलमेट नहीं लगाए थे, सिर में आई गंभीर चोट
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। कार की टक्कर से रिटायर्ड शिक्षक की मौत हो गई। कार छोड़कर चालक भाग निकला। पुलिस ने कार को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक बाइक चलाने के दौरान हेलमेट नहीं लगाया था।
मानधाता थाना क्षेत्र के गंजेहड़ी निवासी चंद्रपाल यादव (63) इंटर कालेज के सेवानिवृत्त शिक्षक थे। बुधवार की सुबह वह बाइक लेकर रामफल की इनारी की ओर आ रहे थे। खालिसपुर-छितपालगढ़ मार्ग पर सामने से आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद चंद्रपाल यादव सिर के बल गिर पड़े। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक कार छोड़कर भाग निकला। गंभीर रूप से घायल चंद्रपाल के परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल भागे। रास्ते में उसकी सांसें थम गईं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कार व बाइक को कब्जे में ले लिया। चंद्रपाल के मौत की खबर मिलने पर घर में कोहराम मच गया। कार मानधाता क्षेत्र की ही बताई जा रही है। एसओ मानधाता ने बताया कि कार चिन्हित कर ली गई। चालक की तलाश की जा रही है। मृतक के परिजन की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इनसेट------
बाइक घसीटता रहा कार चालक
दुर्घटना के बाद कार में बाइक फंस गई। जिसे कार चालक काफी दूर तक घसीटते हुए भागा। आसपास के लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीणों को करीब आता देख कार सवार लोग भाग निकले।
इनसेट------
सड़क तक फैली बबूल की झाड़ियां बन रही दुर्घटना का सबब
देल्हूपुर। प्रयागराज के रामफल इनारी से छितपालगढ़ होते हुए मानधाता जाने वाले मार्ग पर बबूल की झाड़ियां दुर्घटना का सबब बन रहीं हैं। सड़क के दोनों ओर बबूल के पेड़ लगे हैं। उनकी टहनियां दूर दूर तक फैली हुईं हैं। जिससे राहगीरों को दिक्कत होती है और आए दिन लोग हादसे का शिकार होते हैं। पहले भी एक पूर्व शिक्षक की हादसे में जान जा चुकी है।
ट्रक की टक्कर से बेटे की मौत, शिक्षक पिता घायल
अंतू-अमेठी सीमा पर हुई घटना, स्कूल में मातम
अमर उजाला ब्यूरो
संडवाचंद्रिका। ट्रक की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक घायल हो गया। हादसे में साथ में मौजूद मासूम बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। खबर मिलते ही स्कूल में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
अमेठी जनपद के नगर कोतवाली के भरथीपुर निवासी विमलेश पांडेय (36) अंतू नगर पंचायत स्थित सीबीयस एकेडमी में शिक्षण कार्य करते हैं। उनका छह वर्षीय बेटा कृष्णा पांडेय भी उसी स्कूल में यूकेजी का छात्र था। बुधवार की सुबह अपने बेटे को बाइक से लेकर विमलेश स्कूल आ रहा था। जनपद की सीमा पर सासमने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे कृष्णा की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। विमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में विमलेश को लेकर अमेठी जिला अस्पताल चले गए। कुछ देर तक घटनास्थल पर अंतू व अमेठी की पुलिस मौजूद रही। अमेठी पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना की खबर से स्कूल में मातम का माहौल व्याप्त हो गया।
अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर
जगेशरगंज। अंतू थाना क्षेत्र के गोबरी मोड़ के पास बुधवार की सुबह लकड़ी लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गया। जिससे ट्रैक्टर पर सवार मौका पाकर कूद गए। आसपास के ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर व ट्राली उठाई जा सकी। इसके बाद बंद रास्ते पर आवागमन प्रारंभ हो सका।