प्रतापगढ़। शहरियों को लो वोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या से जल्द ही निजात मिल जाएगी। विद्युत विभाग दहिलातमऊ व रूपापुर विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाएगा। विभागीय अधिकारियों की मानें तो दहिलामऊ की क्षमता 10 और रूपापुर की 5 एमवीए की जाएगी।
शहर में पंजीकृत उपभोक्ताओं की संख्या 35000 है। बाबागंज उपकेंद्र, दहिलामऊ, कादीपुर व रूपापुर सहित चार विद्युत उपकेंद्रों से शहर में विद्युत आपूर्ति की जाती है। योगी सरकार ने सत्ता में आते ही शहर को 24 घंटे व गांवों को 18 घंटे बिजली आपूर्ति का निर्देश दिया था। मगर बदहाल विद्युत व्यवस्था के चलते आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। शहर में अधिकांश मुहल्ले ऐसे हैं, जहां लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ता परेशान हैं। इससे वे बिजली उपकरणों का जरूरत पर उपयोग नहीं कर पाते हैं। गर्मी के दिनों में लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन अब शहरियों को जल्द ही इससे निजात मिल जाएगी।
विभाग की ओर से शहरी उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाए जाने की कवायद शुरू की गई है। पहले बाबागंज व कादीपुर की क्षमता वृद्धि की गई। बाबागंज उपकेंद्र 15 एमवीए से बढ़ाकर 20 एमबीए एमवीए किया गया। कादीपुर उपकेंद्र की भी क्षमता बढ़ाई गई। अब बारी है दहिलामऊ व रूपापुर विद्युत उपकेंद्र की। विभाग की मानें तो दहिलामऊ उपकेंद्र की क्षमता 10 एमवीए बढ़ाई जाएगी। जबकि रूपापुर उपकेंद्र की 5 एमवीए । इससे दहिलामऊ उपकेंद्र व रूपापुर उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिल जाएगी। बाबागंज एसडीओ अजीत यादव ने बताया कि क्षमता वृद्धि का कार्य जल्द शुरू होगा। औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं।