प्रवेश लेने आए छात्र को पीटा, हंगामा
पुलिस के पहुंचने पर प्रिंसिपल के कार्यालय से निकला घायल छात्र
चार लोगों के खिलाफ पुलिस को पीड़ित छात्र ने दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। एमडीपीजी कॉलेज में प्रवेश लेने के लिए आए छात्र को चार लोगों ने जमकर पीटा। आरोप है कि प्रवेश कराने के लिए उससे तीन हजार रुपये की मांग कर रहे थे। रुपये न देने पर उसे पीट दिया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
शहर के एमडीपीजी कॉलेज में गुरुवार को नगर कोतवाली के खजुरनी का रहने वाला रंजीत कुमार बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने के लिए अपने चाचा रंजीत के साथ आया था। रंजीत की मानें तो कॉलेज में प्रवेश कराने के लिए उसे चार लोगों ने बाहर ही रोक लिया। एडमिशन शुल्क के अलावा तीन हजार रुपये की मांग करने लगे। जिसे देने में असमर्थतता जताई। इसे लेकर चारों ने उसे बेल्ट व कुर्सी की बेंत से जमकर पीटा। वह कॉलेज के भीतर घुसकर अपनी जान बचाया। इसे लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस के पहुंचने के बाद घायल छात्र बाहर निकला। उसने प्रिंसिपल से घटना की शिकायत की। मौके पर पहुंची पुलिस अपने साथ कोतवाली ले गई। जहां उसने चार लोगों के नाम तहरीर दी। प्रभारी कोतवाल ने तहरीर लेने के बाद आरोपियों की तलाश में भंगवा चुंगी चौकी प्रभारी को भेजा। हालांकि मारपीट करने वाले कालेज के इर्द-गिर्द नजर नहीं आए।