प्रतापगढ़। जिले में हो रही लूट, छिनैती की घटनाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक बिफर गए। वह सोमवार को कार्यालय से सीधे वाहनों की चेकिंग कराने के लिए निकल पड़े। चेकिंग के दौरान पल्सर और अपाचे बाइक सवार पुलिस के निशाने पर रहे। एक घंटे में चेकिंग के दौरान करीब 60 बाइक पुलिस ने सीज कर दी।
सोमवार को पूरे चकई और भंगवा चुंगी के करीब महिलाओं से लूट व छिनैती की खबर का मैसेज पास होते ही पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम का पारा चढ़ गया। चौकी प्रभारियों के साथ ही प्रभारी कोतवाल की लोकेशन जानने के बाद एसपी बाबागंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंच गए। जहां मकंद्रूगंज, सिविल लाइन और भंगवा चुंगी चौकी प्रभारी के अलावा प्रभारी कोतवाल व सीओ सिटी भी पहुंच गए। एसपी की मौजूदगी में पल्सर और अपाचे बाइक सवार लोगों की धरपकड़ शुरू हो गई। एक घंटे के भीतर लगभग 60 बाइक सीज कर कोतवाली पहुंचा दी गईं। एसपी के आदेश पर जिले के थानेदार भी वाहनों की चेकिंग में थाना परिसर से बाहर निकले। एसपी ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि हर हाल में वाहनों की चेकिंग की जाए और कार्रवाई भी होनी चाहिए।
बैंकों का चक्कर लगाती रही पुलिस
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले की पुलिस बैंकों व बाजारों का चक्कर लगाती रही। सीओ सिटी प्रभारी नगर कोतवाल के साथ शहर के बैंकों व शापिंग मालों का निरीक्षण कर संदिग्ध लोगों की तलाशी लेते रहे। इस दौरान जरूरी कागजात न मिलने पर बाइक सीज की जाती रहीं।