दो घरों का ताला तोड़कर चोर 65 हजार नकदी समेत लाखों रुपये के गहने उठा ले गए। घर में रखे बाक्स भी उठा ले गए। सुबह खेतों में टूटे बक्से मिले तो लोगों को जानकारी हुई। इस पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। पीड़ितों ने इसकी तहरीर थाने में दी है।
महेशगंज थाना क्षेत्र के छत्ता का पुरवा झींगुर निवासी सोमदत्त पांडेय के घर में छत के रास्ते घुसे चोरों ने कमरों का ताला तोड़ दिया। इसके बाद घर में रखे बाक्स और आलमारी में रखी 15 हजार रुपये नकदी भी ले गए। खेत में बक्सा तोड़कर उसमें रखे हजारों रुपये के गहने उठा ले गए। सुबह खेत की तरफ गई कुछ महिलाओं ने बाक्स देखा तो गांव के लोगों को सूचना दी। इस पर खेतों में भी लोग बाक्स देखने पहुंचे। इसी तरह से इसी थाना क्षेत्र के महेवा मलकिया निवासी राजेश तिवारी के घर में भी छत के रास्ते से कमरे में चोर घुस गए। इसके बाद चोर अंदर आलमारी और बाक्स का ताला तोड़कर 50 हजार नकदी और दो लाख के गहने उठा ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने महेशगंज थाने में तहरीर दी। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की।