सांगीपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्रता व कमीशनबाजी की शिकायत पर विभाग ने कहा कि हर ग्राम पंचायत में प्राथमिकता सूची को भवनों पर अंकित करा दिया जाय।
वर्तमान वित्तीय वर्ष 2017-18 में सांगीपुर ब्लाक की 75 ग्राम पंचायतों के लिए 1545 प्रधानमंत्री आवास आवंटित किए गए हैं। इन आवासों का निर्माण एक लाख बीस हजार रुपये में कराना है। इनमें अनुसूचित जाति के लिए करीब 988, अल्पसंख्यक को लगभग 126 और अन्य जातियों को तकरीबन 431 आवंटित किए जाने हैं। आवासों को देने के लिए गांव में सूची बनाई गई है। सूची में दर्ज लोगों का नाम गांव के भवनों पर बड़े अक्षरों में लिखवना था पर लोगों का नाम उजागर होने की आशंका से पात्र लोगों का नाम नहीं लिखवाया।
बताया जाता है कि अपात्रता व आवास दिए जाने के बदले बिचौलियों द्वारा लाभार्थियों से बीस बीस हजार लिए जाने की शिकायत भी ब्लाक मुख्यालय पर आई। इसके लिए तीन दिन पहले पूरे विजय सिंह ग्राम पंचायत के लोगों ने बीडीओ से मिल कर जांच कराए जाने की मांग की थी। बीडीओ चंद्र प्रकाश विश्वकर्मा ने शिकायत पर सभी ग्राम विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायत विकास अधिकरियों व सेक्टर प्रभारियों से कहा है कि हर हाल में ग्राम पंचायत में प्राथमिकता सूची में अंकित पात्रों का नाम अंकित करा कर प्रमाण पत्र दिया जाय। जिस ग्राम पंचायत में पात्रों का नाम नहीं अंकित किया जाएगा उस गांव के ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।