विकास भवन में विकास कार्यो की समीक्षा बैठक करते कैबिनेट मंत्री मोती सिंह।
- फोटो : PRATAPGARH
कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप उर्फ मोती सिंह की समीक्षा बैठक में उस समय नाराज हो गए, जब जानकारी हुई कि 11,822 आवास के लाभार्थियों का शौचालय नहीं बना है। उन्होंने पीडी, डीसी मनरेगा और डीपीआरओ की संयुक्त टीम गठित करके 30 नवंबर तक प्रत्येक दशा में शौचालयों का निर्माण करने को कहा है। बिजली विभाग की समीक्षा में एसी को खराब ट्रांसफार्मर बदलने का निर्देश दिया।
विकास भवन में गुरुवार को कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप उर्फ मोती सिंह ने समीक्षा बैठक कर अफसरों की क्लास लगाई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 11,822 लाभार्थियों को शौचालय नहीं बनने पर कैबिनेट मंत्री ने पीडी और डीसी मनरेगा को फटकार लगाते हुए अविलंब निर्माण कराने को कहा है। उन्होंने पीडी, डीसी मनरेगा और डीपीआरओ की संयुक्त टीम गठित कर 30 नवंबर तक निर्माण कराने को कहा है।
शौचालय बनने के बाद भी बकाया दो-दो हजार रुपये का भुगतान नहीं करने पर कैबिनेट मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अविलंब भुगतान करने को कहा है। कैबिनेट मंत्री ने जिले के 17 विकास खंडों में पार्क बनवाने की बात करते हुए कहा कि इन पार्को में छायादार और फलदार पौधों को रोपित किया जाय। उन्होंने जिले के दो गांवों का मनरेगा गांव के रुप में चयन करने को कहा है। बैठक में डीएम मार्कण्डेय शाही, सीडीओ डीपी सिंह, डीडीओ सुदामा प्रसाद प्रमुख रूप से मौजूद रहे।